Katihar News: पूर्व सांसद ने बढ़ाया प्रतिभागियों का हौसला, राधा-कृष्ण की पूजा के बाद हुआ भव्य आयोजन
Katihar News: पूर्व सांसद ने बढ़ाया प्रतिभागियों का हौसला, राधा-कृष्ण की पूजा के बाद हुआ भव्य आयोजन पूर्व सांसद ने बढ़ाया प्रतिभागियों का हौसला, राधा-कृष्ण की पूजा

Katihar News: कटिहार। जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर युवा एकता क्लब रामपुर की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रविवार को मटका फोड़ कार्यक्रम का आयोजन पूरे उत्साह और भक्तिमय माहौल में किया गया। कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही ग्रामीणों एवं युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। रामपुर पंचायत भवन परिसर में भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मध्य विद्यालय रामपुर के प्रांगण में मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने भाग लिया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। मटका फोड़ प्रतियोगिता में कई प्रतिभागियों ने अपनी टीम के साथ हिस्सा लिया।
ऊंचाई पर बांधे गए मटके को फोड़ने के लिए प्रतिभागियों ने एक-दूसरे के कंधे पर चढ़कर मानव पिरामिड बनाया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर और जय श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता के दौरान पूरा वातावरण कृष्ण भक्ति और उत्सव के रंग में रंगा नजर आया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा शामिल हुए। उन्होंने प्रतिभागियों और बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि जन्माष्टमी केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देने वाला पर्व भी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों और युवाओं में उत्साह बढ़ता है तथा उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। मटका फोड़ कार्यक्रम में बच्चों ने जिस उत्साह के साथ भाग लिया, वह काफी सराहनीय है।कार्यक्रम में रामपुर पंचायत की मुखिया निर्मला हेंब्रम ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और जन्माष्टमी की एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

