
अभया ब्रिगेड ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सचेत किया
कटिहार में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला थाना की टीम ने विशेष अभियान चलाया। इस दौरान छात्राओं को सुरक्षा, सतर्कता, और आत्मरक्षा के तरीके सिखाए गए। हेल्पलाइन नंबर 112 और 1091 का उपयोग करने के लिए भी जागरूक किया गया। महिला थानाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।
कटिहार, एक संवाददाता। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर बुधवार को महिला थाना की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष अभियान चलाया। महिला थानाध्यक्ष के नेतृत्व में महिला पदाधिकारियों व कर्मियों की टीम ने स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, सरकारी कार्यालयों समेत कई सार्वजनिक स्थलों का दौरा किया। इस दौरान अभया ब्रिगेड अभियान के तहत छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा, सतर्कता और आत्मरक्षा के तरीकों की जानकारी दी गई। टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 और 1091 का उपयोग करें। टीम की महिला पदाधिकारियों ने आत्मरक्षा के आसान और प्रभावी तरीकों का प्रदर्शन भी किया, जिससे छात्राओं में काफी उत्साह देखा गया।

कई शिक्षण संस्थानों में छात्राओं ने सवाल भी पूछे और पुलिस अधिकारियों ने धैर्यपूर्वक सभी प्रश्नों का उत्तर दिया। अभया ब्रिगेड की टीम ने छेड़खानी, स्टॉकिंग, साइबर क्राइम और ऑनलाइन फ्रॉड जैसे मामलों से बचने के उपाय भी बताए। कोचिंग संस्थान और कॉलेजों में बड़ी संख्या में बालिकाओं ने अभियान में भाग लिया और इसे सराहनीय पहल बताया। महिला थानाध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता में है। ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि शहर की हर महिला व बालिका स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और जरूरत पड़ने पर बिना हिचक पुलिस से संपर्क कर सके। अभया ब्रिगेड की पहल से शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक सकारात्मक माहौल बना है। पुलिस ने इस अभियान को आगे भी जारी रखने की बात कही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


