विभिन्न चौक -चौराहों पर भीषण जाम से लोग परेशान, घंटों रेंगते रहे वाहन
विभिन्न चौक -चौराहों पर भीषण जाम से लोग परेशान, घंटों रेंगते रहे वाहन विभिन्न चौक -चौराहों पर भीषण जाम से लोग परेशान, घंटों रेंगते रहे वाहनविभिन्न चौक

कटिहार। वरीय संवाददाता शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर बुधवार को जाम की वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर शहीद चौक, जीआरपी चौक, अमर जवान चौक, हनुमान मंदिर मिचाईबारी चौक के समीप मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग जाने से काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक और छोटे-बड़े वाहनों की भीड़ के कारण लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा। कई लोग अपने जरूरी काम और कार्यालय पहुंचने में देर होने की बात कहते नजर आए।जाम में फंसे स्थानीय निवासी राजेश कुमार, अमित कुमार, दिनेश, सुमन आदि लोगों ने बताया कि शहर में रोजाना जाम की समस्या बढ़ती जा रही है।
उन्होंने कहा कि सुबह के समय बच्चों को स्कूल छोड़ने और ऑफिस जाने के दौरान सड़क पर इतनी भीड़ हो जाती है कि कई बार आधे घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। वहीं एक अन्य वाहन चालक मोहम्मद इरफान ने कहा कि खासकर दोपहर के समय में भी सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े ऑटो और ई-रिक्शा के कारण स्थिति और भी खराब हो जाती है। लोगों का कहना है कि शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है, ताकि रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके। जाम की वजह से कई बार एंबुलेंस और स्कूल वाहनों को भी निकलने में परेशानी होती है, जिससे आम लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। इस मामले में ट्रैफिक डीएसपी सद्दाम हुसैन ने बताया कि शहर में बढ़ते वाहनों की संख्या और सड़क पर अनियमित पार्किंग के कारण जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस लगातार प्रमुख चौक-चौराहों पर तैनात रहकर यातायात को सुचारू करने का प्रयास कर रही है।उन्होंने बताया कि शहर में जाम की समस्या से निपटने के लिए ट्रैफ़िक पुलिस लगी हुई है। ताकि सड़क किनारे अवैध पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके और आम लोगों को जाम से राहत मिल सके। ट्रैफिक डीएसपी ने लोगों से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर वाहन व्यवस्थित ढंग से चलाएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


