सख्त निगरानी में संपन्न हुई एसआई प्रारंभिक परीक्षा

Jan 19, 2026 12:36 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कटिहार
share

सख्त निगरानी में संपन्न हुई एसआई प्रारंभिक परीक्षा सख्त निगरानी में संपन्न हुई एसआई प्रारंभिक परीक्षासख्त निगरानी में संपन्न हुई एसआई प्रारंभिक परीक्ष

सख्त निगरानी में संपन्न हुई एसआई प्रारंभिक परीक्षा

कटिहार, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि कटिहार जिले में पुलिस अवर निरीक्षक (सब-इंस्पेक्टर) पदों पर बहाली के लिए आयोजित प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा और सख्त अनुशासन के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के तत्वावधान में आयोजित इस परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में रहा। जिले के कुल 10 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई, जिसमें हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त दैनिक खैरियत प्रतिवेदन के अनुसार प्रथम पाली में कुल 4032 अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए आवंटित किया गया था, जिनमें से 3060 अभ्यर्थी उपस्थित हुए जबकि 972 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

किसी भी केंद्र पर निष्कासन की कोई घटना दर्ज नहीं की गई। वहीं द्वितीय पाली में भी कुल 4032 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए, जिसमें 3088 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 944 अनुपस्थित रहे। डीएस कॉलेज कटिहार, सुर तुलसी इंटर कॉलेज, केबी झा कॉलेज, एमजेएम महिला कॉलेज, सीमांचल माइनॉरिटी बीएड कॉलेज, स्कॉटिश पब्लिक स्कूल बड़मसिया, उत्क्रमित मध्य विद्यालय वर्मा रिफ्यूजी कॉलोनी, उत्क्रमित मध्य विद्यालय हवाई अड्डा, न्यू पैटर्न इंटरनेशनल स्कूल हाजीपुर तथा मध्य विद्यालय सिरसा (एससी) को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सभी केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस बल और वीक्षकों की तैनाती की गई थी। परीक्षा के दौरान अनुशासन को लेकर प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। स्पष्ट निर्देश था कि यदि कोई परीक्षार्थी निर्धारित सीट के बजाय किसी अन्य सीट पर बैठा पाया गया तो उसे तत्काल परीक्षा से निष्कासित कर दिया जाएगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व केंद्रों के मुख्य द्वार बंद कर दिए गए थे। जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चन्द्र चौधरी ने बताया कि एसआई प्रारंभिक परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर केवल मान्यता प्राप्त शिक्षकों को ही वीक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया। केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गईं। विधि-व्यवस्था को लेकर अनुमंडल प्रशासन और पुलिस पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से अनुपालन कराया गया, ताकि किसी भी योग्य अभ्यर्थी के साथ अन्याय न हो और परीक्षा की निष्पक्षता बनी रहे। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली है। अब 21 जनवरी को होने वाली अगली परीक्षा के लिए भी इसी तरह सख्त व्यवस्था लागू रहने की बात कही गई ।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।