इंटर परीक्षा में सख्ती, प्रवेश पत्र के साथ फोटो युक्त पहचान पत्र अनिवार्य

Jan 31, 2026 01:11 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कटिहार
share Share
Follow Us on

इंटर परीक्षा में सख्ती, प्रवेश पत्र के साथ फोटो युक्त पहचान पत्र अनिवार्य इंटर परीक्षा में सख्ती, प्रवेश पत्र के साथ फोटो युक्त पहचान पत्र अनिवार्य इं

इंटर परीक्षा में सख्ती, प्रवेश पत्र के साथ फोटो युक्त पहचान पत्र अनिवार्य

कटिहार, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि जिले में दो फरवरी से शुरू होने वाली इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस बार इंटर परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश पत्र के साथ फोटोयुक्त पहचान पत्र रखना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना वैध प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। 52 परीक्षा केन्द्रों में शामिल होंगे 25 हजार परीक्षार्थी जिले के 52 परीक्षा केंद्रों पर दो फरवरी से 13 फरवरी तक इंटर की परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी।

जिसमें 25 हजार से अधिक परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। पहली पाली सुबह 9.30 से 12.45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम 5.15 बजे तक चलेगी। डीएम आशुतोष द्विवेदी ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र में प्रवेश करना होगा। प्रथम पाली के लिए सुबह नौ बजे और द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1.30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा केन्द्र के शिक्षक नहीं करेंगे परीक्षा में सहयोग इस बार जिन सरकारी स्कूलों में इंटर व मैट्रिक परीक्षा के केंद्र बनाए गए हैं, वहां के शिक्षक परीक्षा कार्य में सहयोग नहीं करेंगे। इसे लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चन्द्र चौधरी ने परीक्षा केंद्र वाले सरकारी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से शिक्षकों एवं कर्मियों की सूची 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। इन शिक्षकों की आवश्यकता के अनुसार अन्य परीक्षा केंद्रों या विद्यालयों में ड्यूटी लगाई जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चन्द्र चौधरी ने कहा, कि परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था बनाए रखना और नियमित शैक्षणिक कार्य को प्रभावित न होने देना हमारी प्राथमिकता है। इसलिए केंद्र बने स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी अन्यत्र लगाई जा रही है। सभी प्रधानाध्यापकों को समय पर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। सीसीटीवी से होगी परीक्षा की निगरानी परीक्षा के दौरान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी के जरिए सतत निगरानी की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई के लिए कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश न मिल सके। दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष सुविधा का भी प्रावधान किया गया है। जो परीक्षार्थी स्वयं लिखने में असमर्थ हैं, उन्हें अनुरोध पर श्रुतिलेखक एवं क्षतिपूर्ति समय उपलब्ध कराया जाएगा। महिला परीक्षार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला केंद्राधीक्षक एवं महिला वीक्षकों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;