
कटिहार स्टेशन का बदलेगा स्वरूप, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत होगा पुनर्विकास
कटिहार रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक और सुरक्षित सुविधाएं प्रदान करना है। प्लेटफार्मों की संख्या बढ़ाई जाएगी, जिससे ट्रेनों का संचालन सुगम होगा। स्टेशन पर बेहतर प्रतीक्षालय, शौचालय, लिफ्ट, और पार्क जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
कटिहार, एक संवाददाता। कटिहार रेलवे स्टेशन का स्वरूप आने वाले दिनों में पूरी तरह बदलने वाला है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत कटिहार स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराना है। प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने के बाद कटिहार स्टेशन आधुनिक रेलवे स्टेशनों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा। पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशन पर प्लेटफार्मों की संख्या में वृद्धि की जाएगी, जिससे ट्रेनों के संचालन में सुगमता आएगी और भीड़भाड़ की समस्या से निजात मिलेगी। इसके साथ ही यात्रियों के लिए वर्तमान में कई प्रकार की आधुनिक सुविधाएं मौजूद है।
मगर अमृत भारत स्टेशन के तहत पुनर्विकास का कार्य किए जाने के बाद कटिहार स्टेशन पर अधिक संख्या में आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, लिफ्ट-एस्केलेटर, सुगम टिकट काउंटर और डिजिटल सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्टेशन परिसर को आकर्षक बनाने के लिए सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्टेशन परिसर तक पहुंचने के लिए आकर्षक पहुंच पथ का निर्माण दोनों इंड की दिशा से किया जायेगा। स्टेशन परिसर में आकर्षक पार्क भी बनाया जायेगा। जोगबनी से आने वाली ट्रेन सभी प्लेटफार्म लेने में होगी आसानी रेलवे सूत्रों की माने तो अमृत भारत स्टेशन बनने के बाद जोगबनी से आने वाली ट्रेनों को सभी प्लेटफार्म पर ली जा सकेगी। वर्तमान में जोगबनी की ओर से आने वाली सभी ट्रेनों को केवल प्लेटफार्म संख्या 1, 2 और तीन पर लिया जा सकता है। प्लेटफार्म की संख्या में बढ़ोतरी की संभावना प्रबल है। मालूम हो कि मीटर गेज के जमाने में कटिहार स्टेशन पर 10 रेलवे प्लेटफार्म हुआ करता था। जिसमें छह प्लेटफार्म और चार ब्रॉडगेज का प्लेटफार्म था। वर्तमान में 8 प्लेटफार्म मुख्य स्टेशन पर है। साथ ही एक प्लेटफार्म मनिहारी टर्मिनल के नाम से बनाया जा रहा है। रेलवे सूत्रों की माने तो अमृत भारत स्टेशन के तहत स्टेशन का पुनर्विकास किए जाने के बाद प्लेटफार्म की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। चर्चा यह भी है कि स्टेशन पर स्टेशन मास्टर सहित विभिन्न स्तर के रेल कर्मियों व पदाधिकारियों का कार्यालय भी प्लेटफार्म परिसर से हटा दिया जायेगा।स्टेशन पर कार्यरत रेलवे अधिकारियों व कर्मियों का कार्यालय भी प्लेटफार्म से हटा कर स्टेशन परिसर में अलग से बनाया जायेगा। इस संबंध में सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह से बातचीत में उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत कटिहार स्टेशन को शामिल किया गया है और इसके पुनर्विकास की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि 2026-27 वित्तीय वर्ष में निर्माण कार्य शुरू होने की पूरी संभावना है। योजना के क्रियान्वयन के बाद स्टेशन पर यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी। रेल अधिकारियों के अनुसार, कटिहार रेलवे स्टेशन पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण जंक्शन है। यहां से प्रतिदिन हजारों यात्री सफर करते हैं। ऐसे में स्टेशन का आधुनिकीकरण न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति देगा। स्थानीय यात्रियों और रेल उपयोगकर्ताओं ने भी इस योजना का स्वागत किया है। उनका कहना है कि स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रा अनुभव बेहतर होगा और कटिहार को एक नई पहचान मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




