डीएम ने रात में घूमकर जरूरतमंदों में बांटे कंबल
कटिहार में कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत अभियान शुरू किया है। 2025-26 के तहत 3420 कंबलों का वितरण किया जाएगा। डीएम आशुतोष द्विवेदी ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और कहा कि राज्य सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्तियों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।

कटिहार, एक संवाददाता। कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने जरूरतमंदों के लिए राहत अभियान शुरू किया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत गैर-योजना मद से सामाजिक सुरक्षा के अधीन वस्त्र वितरण कार्यक्रम के तहत जिले में कुल 3420 कंबलों का वितरण किया जाना है। इसकी शुरुआत गुरुवार की रात जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने स्वयं मैदान में उतरकर की। डीएम आशुतोष द्विवेदी ने रात के समय शहर का भ्रमण करते हुए कटिहार रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, काली मंदिर परिसर, रैन बसेरा समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भूमिहीन, निर्धन, भिक्षुकों और असहाय लोगों के बीच कंबल वितरित किए। अचानक मिले इस सहयोग से जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई।
मौके पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से गरीब, असहाय और बेसहारा लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम शीत ऋतु में गरीबों के लिए संजीवनी का काम करते हैं। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से रात के समय भ्रमण कर ऐसे लोगों की पहचान करें, जिन्हें ठंड से बचाव की सामग्री की आवश्यकता है, और समय पर उन्हें सहायता उपलब्ध कराएं। कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




