गुरुवार को जलजमाव से परेशान लोगों ने बायपास सड़क भगवान चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कटिहार-पूर्णिया सड़क मार्ग को छिंटाबाड़ी और भगवान चौक के बीच टायर जलाकर तीन घंटे तक जाम कर दिया।
सुबह 9 बजे से लेकर 12 बजे तक सड़क जाम रहने से डंडखोरा, हसनगंज, भवाड़ा, सौरिया और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांव से आनेवाले वाहनों की लम्बी कतारें लग गयी। जलजमाव से परेशान नगर निगम के वार्ड संख्या तीन और वार्ड संख्या 16 के आक्रोशित लोगों का युवा राजद के सचिव आंशु पांडेय ने समर्थन करते हुए मांगों को जायज बताया।
जाम कर रहे आक्रोशितों ने निगम प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से बारिश होने से उन लोगों के घर के आसपास और घरों में भी बारिश का पानी घुस गया है। रास्ता पर पानी जमा होने से आवागमन में परेशानी हो रही है। महिलाएं, बच्चे और वृद्धों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वाहनों को घर से निकालकर सड़क पर लाने और ले जाने में दिक्कतें हो रही है। इससे पैदल ही बाजार करने को वे लोग विवश हैं। जलजमाव की शिकायत के बावजदू अनसुनी होने से उनलोगों की परेशानी विकराल हो गयी हैै। नाला का निर्माण नहीं करना और जहां पर नाला बना है उसकी नियमित सफाई नहीं होने से बारिश के जल की निकासी नहीं हो पा रहा है। इधर, मुफस्सिल थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रंजीत कुमार ने बताया कि सड़क की जाम की सूचना पर पुलिस पदाधिकारी के साथ सुरक्षा बलों को तैनात किया गया था। पुलिस के समझाने व बुझाने के बाद सड़क जाम टूट गया है। दूसरी ओर वार्ड संख्या तीन के वार्ड पार्षद अरूण कुमार आजाद और वार्ड संख्या सोलह के वार्ड पार्षद शिवा पासवान ने कहा कि निगम से उपलब्ध संसाधनों का उपयोग जलनिकासी के लिए किया जा रहा है।