Katihar News: हर पंचायत में स्वास्थ्य की दस्तक, टीबी मुक्त कटिहार अभियान ने पकड़ी रफ्तार
Katihar News: हर पंचायत में स्वास्थ्य की दस्तक, टीबी मुक्त कटिहार अभियान ने पकड़ी रफ्तार हर पंचायत में स्वास्थ्य की दस्तक, टीबी मुक्त कटिहार अभियान ने पकड़ी रफ्तारह

Katihar News: कटिहार, वरीय संवाददाता जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ स्वास्थ्य विभाग ने जिले में व्यापक जनस्वास्थ्य अभियान शुरू किया है।
स्वास्थ्य शिविरों की स्थापना
जिला पदाधिकारी के मार्गदर्शन में जिले की सभी 230 पंचायतों में प्रतिदिन विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर टीबी जांच, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, मधुमेह, उच्च रक्तचाप समेत अन्य गैर-संचारी रोगों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
सक्रिय अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए प्रत्येक प्रखंड के लिए प्रतिदिन स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके तहत पूरे जिले में रोजाना करीब 35 हजार लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग की जा रही है। अभियान के दौरान संभावित टीबी मरीजों की पहचान के साथ-साथ डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को भी चिन्हित कर आवश्यक दवाएं, चिकित्सकीय परामर्श और नियमित फॉलो-अप की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
गर्भवती महिलाओं के लिए सेवाएँ
स्वास्थ्य शिविरों में गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसवपूर्व जांच, आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया जा रहा है, ताकि सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया जा सके। विभाग का उद्देश्य गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर मरीजों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना है।
जनजागरूकता के कार्यक्रम
अभियान को जनजागरूकता से जोड़ते हुए जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक शनिवार को सभी पंचायतों में ‘संध्या चौपाल’ आयोजित करने का निर्देश दिया है। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकारी सुविधाओं और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
संध्या चौपाल में लोगों को यह भी बताया जाएगा कि सरकार विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के तहत प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध करा रही है। संस्थागत प्रसव कराने वाली पात्र गर्भवती महिलाओं को निर्धारित प्रोत्साहन राशि दी जाती है। वहीं परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत बंध्याकरण ऑपरेशन, अंतरा इंजेक्शन, आईयूसीडी और पीपीआईयूसीडी जैसी सेवाएं अपनाने वाले लाभार्थियों के लिए भी नियमानुसार प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है।
अभियान का उद्देश्य
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करना, गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान सुनिश्चित करना तथा सभी पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर शुरू की गई यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने और स्वास्थ्य जागरूकता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने पंचायत में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों और संध्या चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।


