Hindi NewsBihar NewsKatihar NewsFlood Damage Leaves Ahmedabad Roads in Ruins Residents Demand Urgent Repairs
बाढ़ से जर्जर हुई सड़कों पर आवागमन हुआ मुश्किल

बाढ़ से जर्जर हुई सड़कों पर आवागमन हुआ मुश्किल

संक्षेप:

अमदाबाद प्रखंड की सड़कों की स्थिति बाढ़ के बाद बहुत खराब हो गई है। कई सड़कें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिससे आमजन का आवागमन मुश्किल हो गया है। बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई गिट्टी के कारण रोजाना छोटे हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।

Nov 27, 2025 12:39 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कटिहार
share Share
Follow Us on

अमदाबाद, संवाद सूत्र। बाढ़ के बाद अमदाबाद प्रखंड की सड़कों की बदहाली खुलकर सामने आने लगी है। प्रखंड की आधा दर्जन से अधिक सड़कें गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। जिससे आमजन का आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है। जगह-जगह बने बड़े गड्ढे और उखड़ी हुई गिट्टी के कारण रोजाना छोटे-छोटे हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। नगर पंचायत के भरत टोला से दुर्गापुर, खट्टी भवानीपुर, और चौकिया पहाड़पुर पंचायत की ओर जाने वाली सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। इसी प्रकार छोटा रघुनाथपुर से दक्षिणी करीमुल्लापुर पंचायत गोलाघाट तक की सड़क भी काफी खराब स्थिति में है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसके अलावा नगर पंचायत के नवरतनपुर वार्ड 7 से कब्रिस्तान होते हुए त्रिमुहानी गांव तथा त्रिमुहानी से महानंदा बांध तक की सड़कें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। ग्रामीण हिमांशु मंडल, सैयद दिलशाद, अशफाक, माखन मंडल, नागेन चंद्र मंडल सहित अन्य लोगों ने बताया कि बाढ़ के बाद सड़कों की हालत बहुत खराब हो गई है। जगह-जगह बड़े गड्ढे और उखड़ी गिट्टी ने रास्ते असुरक्षित बना दिए हैं। जिसके कारण पैदल चलना और दोपहिया वाहन चलाना दोनों ही खतरनाक हो गया है। साथ कई पुलों का एप्रोच पथ भी जर्जर हो गया है। इससे हादसा होने की संभावना प्रबल हो गई है। लोगों ने बताया कि बाढ़ के बाद प्रखंड की अधिकांश पंचायतों की सड़कें इसी प्रकार की जर्जर स्थिति में हैं। ग्रामीणों व राहगीरों ने जिला पदाधिकारी सहित एसडीओ से इन क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।