अमन, अकीदत और कुर्बानी के पैगाम के साथ जिले में मनाई गई बकरीद
अमन, अकीदत और कुर्बानी के पैगाम के साथ जिले में मनाई गई बकरीद अमन, अकीदत और कुर्बानी के पैगाम के साथ जिले में मनाई गई बकरीदअमन, अकीदत और कुर्बानी के प

कटिहार, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि जिलेभर में गुरुवार को ईद उल अजहा का पर्व धार्मिक उल्लास, भाईचारे और अमन के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही शहर से लेकर गांवों तक मस्जिदों और ईदगाहों में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए परिधानों में पहुंचकर अल्लाह की इबादत की और मुल्क में अमन-चैन, तरक्की तथा इंसानियत की सलामती की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे जिले में त्योहार को लेकर उत्साह और सौहार्द का माहौल बना रहा।
ईदगाह में नमाज
शहर के ललियाही ईदगाह में बड़ी संख्या में नमाजियों ने ईद उल अजहा की नमाज अदा की। यहां इमाम मुसब्बिर रजा, पूर्णिया ने नमाज पढ़ाई। अपने तकरीर में उन्होंने कुर्बानी के असली मायने बताते हुए कहा कि बकरीद सिर्फ जानवर की कुर्बानी का पर्व नहीं, बल्कि अपने अंदर की बुराइयों, लालच और नफरत को खत्म करने का संदेश भी देता है। उन्होंने लोगों से भाईचारा, इंसानियत और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
त्योहार का उत्साह
ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर सुबह से ही रौनक देखने को मिली। बच्चे नए कपड़ों में बेहद उत्साहित नजर आए, जबकि युवाओं और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह के साथ पर्व मनाया। नमाज के बाद लोगों ने अपने घरों में कुर्बानी की रस्म अदा की और जरूरतमंदों के बीच मांस का वितरण किया। कई स्थानों पर लोगों ने गरीब और बेसहारा परिवारों की मदद कर पर्व की खुशियां साझा कीं।
प्रशासन की तैयारी
बकरीद को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। जिले के 368 स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। संवेदनशील इलाकों में पुलिस लगातार गश्त करती रही। प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। शांतिपूर्ण माहौल में पर्व संपन्न होने पर प्रशासन ने जिलेवासियों के सहयोग की सराहना की।
भाईचारे की भावना
शहर की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज के बाद देर तक लोगों का मिलना-जुलना जारी रहा। हर तरफ “ईद मुबारक” की गूंज सुनाई देती रही। बकरीद के मौके पर जिले में इंसानियत, त्याग और भाईचारे की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली।
अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


