Katihar News: कटिहार में ई-निबंधन सेवा प्रदाता बनने का खुलेगा रास्ता
Katihar News: कटिहार में ई-निबंधन सेवा प्रदाता बनने का खुलेगा रास्ता कटिहार में ई-निबंधन सेवा प्रदाता बनने का खुलेगा रास्ताकटिहार में ई-निबंधन सेवा प्रदाता बनने का

Katihar News: कटिहार, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि । जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री कराने के लिए कटिहार निबंधन कार्यालय पहुंचने वाले लोगों के लिए राहत की खबर है। अब जिले में अर्हता पूरी करने वाले आम लोग भी ई-निबंधन सेवा प्रदाता बन सकेंगे। इसके लिए उन्हें लाइसेंस दिया जाएगा। जिला स्तर पर स्थानीय जरूरत का आकलन करने के बाद आवेदन की तिथि तय की जाएगी। नयी व्यवस्था से एक ओर निबंधन प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर जमीन रजिस्ट्री से जुड़े काम का अनुभव रखने वाले स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता खुल सकता है। निबंधन महानिरीक्षक कृष्ण चन्द्र गुप्ता ने कटिहार समेत राज्य के सभी समाहर्त्ता-सह-जिला निबंधकों को पत्र भेजकर अपने-अपने जिले की जरूरत की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। इसके बाद नियमावली के नियम-4(2) में निर्धारित अर्हता पूरी करने वाले इच्छुक लोगों से आवेदन लिया जाएगा। निर्धारित अवधि में प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद पात्र आवेदकों को सेवा प्रदाता का लाइसेंस दिया जाएगा。
कटिहार के 150 से अधिक युवाओं की उम्मीद
कटिहार में जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री से जुड़े काम में पहले से कई युवक दस्तावेज तैयार कराने और ऑनलाइन प्रक्रिया में लोगों की मदद करते रहे हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार जिले में 150 से अधिक ऐसे युवक हैं, जिनके पास सेवा प्रदाता की अनुज्ञप्ति नहीं है, लेकिन उन्हें इस काम का अनुभव है। नयी व्यवस्था में अर्हता पूरी करने वाले इन युवाओं को लाइसेंस के लिए आवेदन करने का मौका मिल सकता है।
स्थानीय स्तर पर इसे रोजगार के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है
खासकर वे युवा जो लंबे समय से निबंधन कार्यालय से जुड़े तकनीकी और दस्तावेजी कार्यों का अनुभव रखते हैं, उनके लिए अब इस अनुभव को वैध सेवा के रूप में आगे बढ़ाने का अवसर मिल सकता है।
कटिहार निबंधन कार्यालय में बढ़ा ऑनलाइन काम
राज्य में पेपरलेस निबंधन व्यवस्था लागू होने के बाद निबंधन प्रक्रिया का बड़ा हिस्सा ऑनलाइन हो गया है। 17 अगस्त से राज्य के सभी निबंधन कार्यालयों में पेपरलेस निबंधन प्रणाली पूरी तरह लागू की जा चुकी है। इससे कटिहार निबंधन कार्यालय में भी ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत काम करने की जरूरत बढ़ी है। आम लोगों के लिए दस्तावेज तैयार करने से लेकर ई-निबंधन की प्रक्रिया तक तकनीकी सहयोग की जरूरत रहती है।
विभाग का मानना है कि ई-निबंधन की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में पर्याप्त संख्या में सेवा प्रदाता रहने से रजिस्ट्री कराने आने वाले लोगों को समय पर सहयोग मिल सकेगा और कार्यालय में अनावश्यक भीड़ व इंतजार कम करने में मदद मिलेगी।
पहले से जुड़े लोगों को नियम में राहत
बिहार स्टाम्प (सेवा प्रदाता अनुज्ञप्ति एवं ई-स्टाम्प की आपूर्ति) नियमावली, 2026 के तहत सेवा प्रदाताओं को लाइसेंस देने का प्रावधान किया गया है। पहले से लाइसेंसधारी दस्तावेज नवीस और मुद्रांक विक्रेताओं को निर्धारित अर्हता से छूट देते हुए सेवा प्रदाता का लाइसेंस दिया जा रहा है।
राज्य में 5000 से अधिक लाइसेंसधारी दस्तावेज नवीस और स्टांप विक्रेता हैं, जिनमें करीब 4500 को अब तक सेवा प्रदाता का लाइसेंस दिया जा चुका है।
अब जिला तय करेगा आवेदन की तारीख
नये आवेदकों के लिए सबसे महत्वपूर्ण कदम अब जिला स्तर पर होगा। निबंधन महानिरीक्षक ने जिला निबंधकों को स्थानीय आवश्यकता की समीक्षा कर आवेदन आमंत्रित करने की तिथि अपने स्तर से निर्धारित करने को कहा है। यानी कटिहार में कितने सेवा प्रदाताओं की जरूरत है, इसका आकलन करने के बाद आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इससे कटिहार के उन युवाओं की निगाह अब जिला निबंधन कार्यालय की अगली सूचना पर टिक गयी है, जो लंबे समय से रजिस्ट्री संबंधी काम कर रहे हैं और अब इसे लाइसेंस के साथ रोजगार के रूप में आगे बढ़ाना चाहते हैं। वहीं रजिस्ट्री कराने वाले आम लोगों को भी उम्मीद है कि सेवा प्रदाताओं की संख्या बढ़ने से ई-निबंधन की प्रक्रिया पहले से ज्यादा आसान और तेज होगी।

