
एनएफएस यूज केस चैलेंज 2025 में कटिहार नंबर वन
कटिहार जिले ने एनएफएस यूज केस चैलेंज 2025 में एएनसी रजिस्ट्रेशन में शानदार प्रदर्शन किया है। जिले ने 2024-25 में 96 प्रतिशत और 2025-26 में 106 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की। नीति आयोग ने इस सफलता के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और प्रभावी मॉनीटरिंग ने इसे संभव बनाया।
कटिहार। स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत एनएफएस (नीति फॉर स्टेट) यूज केस चैलेंज 2025 के लिए एएनसी रजिस्ट्रेशन में कटिहार जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे बिहार में अपनी अलग पहचान बनाई है। नीति आयोग के माननीय सीईओ द्वारा जिला प्रशासन को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि लगातार दो वर्षों से स्वास्थ्य सूचकों में बेहतर सुधार दर्ज कराते हुए कटिहार राज्य के श्रेष्ठ जिलों में शामिल हो रहा है। जिला स्वास्थ्य समिति से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2024-25 में एएनसी रजिस्ट्रेशन की उपलब्धि 96 प्रतिशत रही थी।

यह आंकड़ा अगले वर्ष 2025-26 में बढ़कर 106 प्रतिशत तक पहुंच गया। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि आकड़ों में यह बढ़ोतरी जिला प्रशासन की सतत मॉनीटरिंग, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा ब्लॉक स्तर तक प्रभावी कार्रवाई का परिणाम है। जिला स्वास्थ्य समिति के सचिव डॉ. सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र नाथ सिंह ने बताया कि जिले को एनएफएस यूज केस चैलेंज 2025 के राष्ट्रीय स्तर पर विशेष रूप से सराहा गया है। एस्पिरेशनल डिस्ट्रीक्ट्स एवं ब्लॉक प्रोग्राम के तहत जिले की ‘न्यूट्रिशन थीम’ को भी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए चुना गया। नीति आयोग द्वारा जारी प्रशस्ति-पत्र जिले के सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को सौंपा गया, जिसके बाद इसे जिला प्रशासन को प्रदान किया गया। प्रशस्ति-पत्र मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसे प्रशासनिक प्रतिबद्धता और टीम भावना का नतीजा बताया। जिला प्रशासन ने कहा कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार समीक्षा, अभियान आधारित कार्य और नियमित फील्ड मॉनीटरिंग से यह सफलता मिली है। स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं और संबंधित पदाधिकारियों के संयुक्त प्रयास को भी इस उपलब्धि का प्रमुख कारण बताया गया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


