
एनडीए सरकार की विफलताओं के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस
कटिहार के प्राणपुर प्रखंड में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की गई। उन्होंने एनडीए सरकार की नीतियों पर तीखा हमला किया और जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
कटिहार, वरीय संवाददाता। प्राणपुर प्रखंड में गुरुवार को कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने को लेकर एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का नेतृत्व कटिहार कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने किया। मौके पर प्रखंड अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में विशेष रूप से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर गहन मंथन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार जिले के अलग-अलग प्रखंडों में संगठनात्मक बैठकें कर रही है, ताकि कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा दी जा सके और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसका कार्यकर्ता है। और बूथ स्तर तक मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को बुलंद कर सकता है। केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में चुनाव संपन्न हो चुका है और अब कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर खुलकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार की नीतियों और कार्यशैली से जनता त्रस्त है। महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली और बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। बैठक में प्रहलाद कुमार गुप्ता, मो. सऊद आलम, बैजुद्दीन अंसारी, सेठी, मुजिबुल रहमान, नईम, रूपक, वाशिम, सोनू, सूरज चक्रधारी, व्यास कुमार, शाकिर अली, मो. आजाद, इमाम, अब्दुल, सचिन, दिनेश, सुभाष, बैजू सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




