Katihar News: करोड़ों से बने पंचायत सरकार भवन की दीवारें एक माह में आई दरार
Katihar News: बरारी। बरारी प्रखंड की रौनियां पंचायत में 3 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए पंचायत सरकार भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। निर्माण के एक महीने बाद कई दीवारों में दरारें दिखने लगी हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने निर्माण में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। विधायक ने गुणवत्ता जांच का भरोसा दिया है।

Katihar News: बरारी। संवाद सूत्र। बरारी प्रखंड की रौनियां पंचायत के मड़पा बलुआ गौरीडीह गांव के समीप करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए पंचायत सरकार भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। निर्माण कार्य पूरा होने के महज एक माह बाद ही भवन की कई जगहों की दीवार में दरार दिखने लगी है। पंचायत प्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य में कथित तौर पर भारी अनियमितता बरते जाने का आरोप लगाया है। पंचायत सरकार भवन का निर्माण सरकार की उस योजना के तहत कराया गया है। जिसका उद्देश्य पंचायतवासियों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही पंचायत में संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए पंचायत सरकार भवन को महत्वपूर्ण माना जाता है।
मुख्य मुद्दे
बताया जाता है कि भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संवेदक ने करीब एक माह पूर्व भवन को पंचायत के मुखिया एवं पंचायत सचिव को सौंपा था। भवन में कामकाज शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद कई कमरों की दीवार में दरार दिखने लगी है। इससे भवन निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी दिखने लगी है। रौनियां पंचायत के मुखिया छोटेलाल मरांडी और सरपंच अमित कुमार यादव ने भवन निर्माण में कथित अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की मांग की है।
विधायक की प्रतिक्रिया
इस मामले में बरारी के विधायक विजय सिंह निषाद ने कहा कि सरकारी राशि से निर्मित भवन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग और जिला प्रशासन की ओर से मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएंगे। विधायक ने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे।उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज ने बताया कि विभाग के द्वारा गुणवत्ता की जांच की जा रही है। जांच के बाद सभी संबंधित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तय है।


