Katihar News: आज सात नए डिग्री कॉलेजों का होगा शुभारंभ, मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल उद्घाटन
Katihar News: आज सात नए डिग्री कॉलेजों का होगा शुभारंभ, मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल उद्घाटन आज सात नए डिग्री कॉलेजों का होगा शुभारंभ, मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल उद्घ

Katihar News: कटिहार, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। उच्च शिक्षा विभाग के निर्देश पर 15 जुलाई को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वर्चुअल माध्यम से कटिहार जिले के सात नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का संबोधन भी लाइव प्रसारित किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, समाजसेवी, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। महाविद्यालयों के उद्घाटन के साथ नए शैक्षणिक सत्र का भी विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
नई कॉलेजों का उद्घाटन
राजकीय डिग्री महाविद्यालय कुरसेला, कोढ़ा, समेली, डंडखोरा, हसनगंज, मनसाही और अमदाबाद प्रखंडों में स्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का एक साथ शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि इन महाविद्यालयों के शुरू होने से जिले के हजारों विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र के निकट ही स्नातक स्तर की पढ़ाई का अवसर मिलेगा और उच्च शिक्षा के लिए दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी। उद्घाटन समारोह को लेकर सभी महाविद्यालयों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डंडखोरा में डिग्री कॉलेज का उद्घाटन
डंडखोरा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सौरिया में नवनिर्मित डिग्री कॉलेज के उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बिहार सरकार द्वारा 15 जुलाई को कॉलेज का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश ने मंगलवार को कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने भवन की स्थिति, परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि उद्घाटन कार्यक्रम से पूर्व सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। बीडीओ शुभम प्रकाश ने कहा कि डिग्री कॉलेज के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे शिक्षा के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होंगी और स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। कॉलेज के उद्घाटन को लेकर स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि इस संस्थान के शुरू होने से क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और उच्च शिक्षा का सपना देखने वाले युवाओं को अपने ही क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।


