जिले में 3 से 30 सितंबर तक दिव्यांग बच्चों के लिए महाअभियान
जिले में 3 से 30 सितंबर तक दिव्यांग बच्चों के लिए महाअभियान जिले में 3 से 30 सितंबर तक दिव्यांग बच्चों के लिए महाअभियानजिले में 3 से 30 सितंबर तक दिव्

कटिहार, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। जिले के विशेष आवश्यकता वाले (सीडब्ल्यूएसएन) बच्चों को समय पर दिव्यांगता प्रमाणपत्र, चिकित्सकीय मूल्यांकन और आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में शिक्षा विभाग ने सितंबर माह में बड़ा अभियान शुरू किया है। समग्र शिक्षा के तहत 3 सितंबर से 30 सितंबर तक जिले के सभी 16 प्रखंडों में मूल्यांकन-सह-जांच शिविर (आईडेंटिफिकेशन एंड असेसमेंट मेडिकल कैंप) एवं दिव्यांगता प्रमाणपत्र प्रमाणीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक शिविर में मेडिकल बोर्ड बच्चों की दिव्यांगता का परीक्षण कर प्रमाणित करेगा, वहीं पुनर्वास विशेषज्ञ उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरणों का भी आकलन करेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चन्द्र चौधरी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र जारी कर इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि कोई भी दिव्यांग बच्चा शिविर से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए विद्यालयों, तालिमी मरकज, शिक्षा सेवकों, आरटी, आरपी एवं बीआरपी (आईई) को घर-घर संपर्क कर अधिकतम बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी。
एक ही शिविर में कई सुविधाओं का लाभ
शिविरों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की पहचान, मेडिकल बोर्ड से दिव्यांगता का आकलन, प्रमाणपत्र का प्रमाणीकरण तथा आवश्यक सहायक उपकरणों की जरूरत का मूल्यांकन करना है। इससे बच्चों को आगे चलकर सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, समावेशी शिक्षा और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
हर प्रखंड के लिए तय हुआ कार्यक्रम
अभियान की शुरुआत 3 सितंबर को मनिहारी से होगी। इसके बाद 5 सितंबर आजमनगर, 7 सितंबर अमदाबाद, 8 सितंबर बारसोई, 10 सितंबर कोढ़ा, 11 सितंबर बलरामपुर, 12 सितंबर कदवा, 14 सितंबर कटिहार, 15 सितंबर प्राणपुर, 17 सितंबर हसनगंज, 18 सितंबर मनसाही, 19 सितंबर डंडखोरा, 21 सितंबर बरारी, 22 सितंबर फलका, 29 सितंबर कुर्सेला और 30 सितंबर समेली में शिविर लगाए जाएंगे। अधिकांश शिविर प्रखंड संसाधन केंद्रों में होंगे, जबकि कटिहार प्रखंड का शिविर डे-केयर सेंटर, प्लस-2 उच्च विद्यालय हरिशंकर नायक में आयोजित होगा।
मेडिकल बोर्ड और विशेषज्ञ रहेंगे मौजूद
प्रत्येक शिविर में हड्डी रोग विशेषज्ञ, ईएनटी विशेषज्ञ तथा जनरल फिजिशियन की मेडिकल बोर्ड मौजूद रहेगी। इसके अलावा फिजियोथेरेपिस्ट, पी एंड ओ विशेषज्ञ, बौद्धिक दिव्यांगता एवं दृष्टि दिव्यांगता विशेषज्ञ भी बच्चों का परीक्षण कर आवश्यक सुझाव देंगे।
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचे बच्चे
शिविर में आने वाले प्रत्येक दिव्यांग बच्चे को पूरे शरीर के साथ स्पष्ट दिखाई देने वाले चार फोटो तथा फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लाना होगा। इससे प्रमाणपत्र जारी करने और अन्य औपचारिकताओं में सुविधा होगी। इस अभियान के जरिए ऐसे बच्चों की भी पहचान हो सकेगी जो अब तक सरकारी रिकॉर्ड से बाहर हैं। उन्हें दिव्यांगता प्रमाणपत्र मिलने के बाद समग्र शिक्षा के तहत विशेष शैक्षणिक सहायता, छात्रवृत्ति, सहायक उपकरण तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
वर्जन
समग्र शिक्षा के तहत आयोजित होने वाले इन शिविरों का उद्देश्य जिले के एक भी दिव्यांग बच्चे को छूटने नहीं देना है। सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों, विद्यालय प्रधानों, आरटी, आरपी, बीआरपी, शिक्षा सेवकों एवं तालिमी मरकज को निर्देश दिया गया है कि अधिक से अधिक बच्चों को शिविर तक लाकर उनका चिकित्सकीय मूल्यांकन, दिव्यांगता प्रमाणन और आवश्यक सहायक उपकरणों का आकलन सुनिश्चित करें। यह अभियान समावेशी शिक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।- राहुल चन्द्र चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार

