
कटिहार में गूंजा नशा मुक्ति का संदेश
कटिहार में नशामुक्ति दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया, जिसमें प्रभातफेरी, निबंध लेखन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएँ शामिल थीं। अभिभावकों ने शराब न पीने की शपथ ली। डीईओ ने कहा कि यह अभियान समाज को सही दिशा देने का सामूहिक संकल्प है।
कटिहार, हिन्दुस्तान प्रतिनिधि। बिहार सरकार की मद्यनिषेध नीति को सशक्त बनाने और समाज को पूरी तरह नशामुक्त करने की दिशा में बुधवार को कटिहार जिलेभर में नशामुक्ति दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से की गई तैयारियों का असर साफ दिखा। सुबह से स्कूलों, पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता से भरी गतिविधियों की गूंज सुनाई देती रही। निकाली गई प्रभातफेरी जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में प्रभात फेरी, मानव श्रृंखला, निबंध लेखन, वाद-विवाद, पोस्टर निर्माण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों द्वारा तैयार किए गए स्लोगन नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, स्वस्थ समाज की पहली शर्त में नशे से दूर रहना ने कार्यक्रम में जान डाल दी।
विद्यालय भवनों को भी मद्यनिषेध संबंधी पोस्टर-बैनरों से सजाया गया, जहां अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने जागरूकता संदेशों को गहरी रुचि से पढ़ा। अभिभावकों ने ली शराब नहीं पीने की शपथ इस वर्ष की विशेष पहल रही अभिभावक शपथ-पत्र। जिले के हजारों अभिभावकों ने शराब न पीने और नशा करने वालों को हतोत्साहित करने का संकल्प लिया। स्कूलों में यह शपथ-पत्र जमा कराकर प्रशासन को नशामुक्ति अभियान में जनभागीदारी का मजबूत आधार मिला है। सार्वजनिक स्थलों पर जन शिक्षा निदेशालय द्वारा नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए गए, जिनमें शराब के दुष्प्रभाव, घरेलू हिंसा, आर्थिक क्षति और बच्चों पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया। बोले डीईओ नशामुक्ति दिवस कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने का हमारा सामूहिक संकल्प है। कटिहार के सभी विद्यालयों में आज बड़े पैमाने पर कार्यक्रम हुए। हर छात्र, शिक्षक और अभिभावक को इस अभियान से जोड़ना हमारा लक्ष्य है। हमने सभी बीईओ और प्रमुख शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया है कि जागरूकता कार्यक्रम पूरी गंभीरता से आयोजित हों। जिलेभर में नशामुक्ति दिवस की सफल आयोजन से यह संदेश स्पष्ट है कि कटिहार नशे के खिलाफ एक मजबूत आवाज बनकर सामने आया है और समाज को स्वस्थ दिशा देने की जिम्मेदारी को गंभीरता से निभा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




