
पूर्व एमएलसी के पोता-पोती के साथ बदसलूकी मामले में बारसोई थानाध्यक्ष निलंबित
संक्षेप: पूर्व एमएलसी के पोता-पोती के साथ बदसलूकी मामले में बारसोई थानाध्यक्ष निलंबित पूर्व एमएलसी के पोता-पोती के साथ बदसलूकी मामले में बारसोई थानाध्यक्ष निलं
बारसोई-सालमारी, एक संवाददाता बारसोई स्थित एक रेस्टोरेंट में 24 अक्टूबर की शाम बैठे भाई-बहन के साथ बदसलूकी करना थानाध्यक्ष को भारी पड़ा। एसपी ने घटना की जांच के बाद तत्काल निलंबित कर दिया। बारसोई थानाध्यक्ष रामचंद्र मंडल पर कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने तत्काल प्रभाव से निलंबन का आदेश जारी किया है। यह कदम एक वायरल सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद उठाया गया। जिसमें थानाध्यक्ष को रेस्टोरेंट में बैठे कुछ युवकों से अभद्र भाषा में बात करते हुए देखा गया। पीड़ित यश अग्रवाल ने बताया कि 24 की शाम में हम लोग बारसोई की एक रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे।

वहीं बारसोई थानाध्यक्ष के द्वारा हम लोगों के साथ बदसलूकी की गई। पूर्व एमएलसी मोहनलाल अग्रवाल ने बताया कि मेरे भतीजे के पुत्र एवं पुत्री बारसोई रेस्टोरेंट में अपने साथी यश अग्रवाल के साथ गए थे। वहां पर पुलिस के द्वारा बदसलुकी की गई। पीड़ित पक्ष ने सीसीटीवी के रिकॉर्डिंग के आधार पर किया मेल जानकारी के अनुसार 24 अक्टूबर को बारसोई रास चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में थानाध्यक्ष बारसोई पहुंचे थे। रेस्टोरेंट के अंदर बैठे कुछ युवकों और युवतियों के साथ उनकी तीखी बहस हुई, जिसकी पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो के वायरल होते ही यह मामला चर्चा का विषय बन गया। पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) मृदु लता से जांच कराई। जांच रिपोर्ट में पाया गया कि थानाध्यक्ष ने रेस्टोरेंट में बैठे व्यक्तियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अनावश्यक रूप से विवाद उत्पन्न किया। रिपोर्ट में इसे कर्तव्यहीनता और अनुशासनहीन आचरण करार दिया गया, जो पुलिस की साख को नुकसान पहुंचाने वाला है। मालूम है कि वायरल वीडियो में बारसोई थानाध्यक्ष रामचंद्र मंडल रेस्टोरेंट में बैठे एक युवक से उसका घर पूछते नजर आ रहे हैं। जब युवक जवाब देता है, तो पुलिसकर्मी उसके साथ बैठी युवती से पूछताछ करता है। युवक द्वारा युवती को बहन बताने पर थानाध्यक्ष तैश में आ जाते हैं और ऊंची आवाज में बात करते हैं। इस दौरान युवक सीसीटीवी कैमरे की ओर इशारा करता है, जिसके बाद पुलिसकर्मी का तेवर कुछ नरम पड़ जाता है। एसपी ने कहा नागरिकों के साथ अभद्रता बर्दाश्त नहीं मामले को संज्ञान में लेते हुए कटिहार पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने स्पष्ट किया कि पुलिस का कार्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, न कि नागरिकों के साथ अभद्रता करना। उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार किसी भी अधिकारी से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल थानाध्यक्ष बारसोई के निलंबन के बाद विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी। मालूम हो कि एसपी के कार्रवाई से पहले बारसोई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार ने प्रेस बयान जारी कर रविवार को बताया था कि और सामाजिक तत्व के होटल में जाने की सूचना पर बारसोई थानाध्यक्ष द्वारा होटल पहुंचकर मामले की छानबीन की जा रही थी। इसी बीच छानबीन के क्रम में होटल में बैठे हुए एक युवक और युवती से थानाध्यक्ष के द्वारा गलत तरीके से व्यवहार किया गया। इस मामले में एसडीपीओ के स्तर से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




