Katihar News: आशा कार्यकर्ताओं का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
Katihar News: बिहार राज्य आशा एवं आशा फैसिलिटेटर संघ ने छह सूत्री मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। संगठ ने न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा, एरियर भुगतान, और 65 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु की मांग की। जिला मंत्री जीवछी देवी ने कहा कि अगर सरकार ने मांगों का ध्यान नहीं दिया तो बड़ा आंदोलन होगा।

Katihar News: आशा कार्यकर्ताओं का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन आशा एवं आशा फैसिलिटेटर संघ ने छह सूत्री मांगों को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा, एरियर भुगतान और 65 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु तय करने की मांग जिला मंत्री जीवछी देवी बोलीं- सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो होगा बड़ा आंदोलन
धरना प्रदर्शन का विवरण
कटिहार, एक संवाददाता बिहार राज्य आशा एवं आशा फैसिलिटेटर संघ संबद्ध बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ सीटू के बैनर तले सोमवार को आशा कार्यकर्ताओं और आशा फैसिलिटेटरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार के समीप धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी के माध्यम से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांगों को सरकार तक पहुंचाने का अनुरोध किया। धरना को संबोधित करते हुए संघ की जिला मंत्री जीवछी देवी ने कहा कि आशा कार्यकर्ता वर्षों से ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बनकर काम कर रही हैं। स्वास्थ्य विभाग की अधिकांश महत्वाकांक्षी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न तो कर्मचारी का दर्जा मिला है और न ही सम्मानजनक पारिश्रमिक। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो संगठन अनिश्चितकालीन हड़ताल करने को विवश होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि कई महीनों तक प्रोत्साहन राशि का भुगतान लंबित रहता है। वर्ष 2025 से लंबित भुगतान की समस्या, बढ़ी हुई प्रोत्साहन राशि के एरियर का भुगतान, आधार से जुड़े तकनीकी कारणों से आईडी बंद किए जाने तथा आशा कार्यकर्ताओं के भविष्य को लेकर सरकार की उदासीनता पर भी नाराजगी जताई गई। संघ ने अपने छह सूत्री मांगपत्र में संसद में घोषित बढ़ी हुई प्रोत्साहन राशि का एरियर सहित भुगतान, सभी आशा एवं आशा फैसिलिटेटरों को न्यूनतम वेतन, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन का लाभ, श्रमिक का दर्जा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत कर्मियों की सेवा नियमित करने, सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य बजट को सकल घरेलू उत्पाद का छह प्रतिशत करने तथा आशा एवं आशा फैसिलिटेटरों की सेवानिवृत्ति आयु 65 वर्ष निर्धारित करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष निशात प्रवीण, कृष्णा तिवारी, कंचन कुमारी, माला झा, पूनम कुमारी, बबिता भारती, बिंदु देवी सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता एवं आशा फैसिलिटेटर मौजूद रहीं। प्रदर्शन के बाद सभी ने जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


