
घर में सो रही महिला की गला दबाकर हत्या, गांव में कोहराम
बरारी प्रखंड के जगदीशपुर पंचायत में 45 वर्षीय शोभा देवी की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मंगलवार रात को शादी समारोह से लौटकर घर में अकेली थीं। सुबह पड़ोसियों ने दरवाजा नहीं खोला तो अंदर जाकर देखा कि शोभा देवी मृत पड़ी थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।
बरारी, संवाद सूत्र। बरारी प्रखंड के जगदीशपुर पंचायत अन्तर्गत वार्ड संख्या 7 में मंगलवार की मध्य रात्री एक 45 वर्षीय महिला की गला दबाकर हत्या कर देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान वार्ड संख्या सात निवासी महेश मंडल की पत्नी शोभा देवी (45) के रूप में हुई है। घटना की सूचना पुलिस उपाधीक्षक रंजन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष डॉग स्क्वाइड टीम के साथ घटना स्थल का जायजा लिया है। एसडीपीओ ने बताया कि घटना स्थल की भौतिक स्थिति से प्रतीत हो रहा है कि किसी ने महिला की हत्या कर दिया। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की तफ्तीश में जुट गई है।
पुलिस ने बताया कि शोभा देवी अपने घर में अकेली रहती थी। उसका पति और बेटा बाहर रहता है। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार की रात लगभग 9 बजे गांव में आयोजित एक शादी समारोह में भोज खाकर घर लौटी थीं। प्रतिदिन की तरह सुबह जल्दी उठने वाली शोभा देवी जब बुधवार को सुबह 7 बजे तक घर से बाहर नहीं निकलीं तो पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसियों ने कई बार आवाज लगाई लेकिन गेट अंदर से बंद था और कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद गांव के कुछ लोग दीवार फांदकर घर के अंदर प्रवेश किए तो देखा कि शोभा देवी आंगन में मुंह के बल मृत अवस्था में पड़ी थीं। घर के अंदर का सामान बिखरा हुआ था तथा एक अटैची टूटी हुई मिली, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्या के दौरान लूटपाट की भी कोशिश हुई होगी। घटना की जानकारी मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है। डीएसपी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक नमूनों को संग्रहित कर रही है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शोभा देवी घर में अकेली रहती थीं। उनके पति दिल्ली में काम करते हैं जबकि एकमात्र पुत्र पटना में पढ़ाई करता है। घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस लूटपाट और व्यक्तिगत रंजिश सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




