बिहार के मोहम्मद अहद का आंतकी कनेक्शन, संवेदनशील सूचनाएं कर दी लीक; शहजाद भट्टी से भी संपर्क
कटिहार पुलिस ने 22 साल के मोहम्मद अहद को अरेस्ट किया है। आरोप है कि असद ना सिर्फ पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से संपर्क में था बल्कि उसने देश की सूचनाएं भी लीक की हैं। बिहार के युवक का आतंकी कनेक्शन उजागर होने से सनसनी फैल गई है।

बिहार के एक युवक का आतंकी कनेक्शन उजागर हुआ है। इस शख्स ने देश के संवेदनशील जगहों से जुड़ी जानकारियां लीक की है। आरोप यह भी है कि वो पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में था। दरअसल कटिहार पुलिस ने पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क से संपर्क रखने के आरोप में सोमवार को कोढ़ा के मुसापुर गांव के मोहम्मद अहद (22 वर्ष), पिता मोहम्मद आलम को गिरफ्तार किया है। तकनीकी जांच और मोबाइल फोन की वैज्ञानिक जांच के बाद उसे गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर राणा हुसैन के संपर्क में था। पुलिस का दावा है कि उक्त व्यक्ति पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े आतंकी नेटवर्क से संबद्ध है। जांच में पाया गया कि आरोपी चैट, ऑडियो कॉल और सोशल मीडिया के जरिए देश विरोधी गतिविधियों, संवेदनशील स्थानों से जुड़ी सूचनाओं का आदान-प्रदान कर रहा था।
इसके अलावा उसके सोशल मीडिया खातों से भारत विरोधी और सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री साझा करने, पाकिस्तान आधारित व्हाट्सएप चैनलों के लिंक प्रसारित करने तथा अन्य लोगों को ऐसे चैनलों से जोड़ने के प्रयास की भी बात कही गई है। मामले में जिन अन्य व्यक्तियों के संबंध में जांच की गई, उनके मोबाइल फोन की जांच में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। इस मामले को लेकर कोढ़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
कटिहार के एसपी परिचय कुमार ने कहा कि कोढ़ा के मुसापुर से गिरफ्तार युवक का पाकिस्तान के आतंकी संगठन से सीधा संपर्क था। उसके सोशल मीडिया लिंक और जब्त मोबाइल की जांच की जा रही है।
मेडिकल कर्मी का काम करते हुए फैलाया नेटवर्क
कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर से गिरफ्तार आरोपी अहद की जांच में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार अहद लंबे समय तक दवा दुकानों और मेडिकल कर्मियों के साथ काम करता रहा। इसी वजह से उसकी पहचान सीमांचल के कई जिलों में बनी हुई थी। पुलिस का मानना है कि इसी पहचान का फायदा उठाकर वह विभिन्न इलाकों में आसानी से आवाजाही करता था। मेडिकल सेवा करने वाला युवक अहद के दोहरा चरित्र की जानकारी लोग समझ नहीं पाये।
सूत्रों के अनुसार अहद कभी गेड़ाबाड़ी, कभी कोढ़ा, तो कभी पूर्णिया सहित सीमांचल के अन्य जिलों में मेडिकल दुकानों से जुड़े कार्य करता था। कई ग्रामीण उसे कंपाउंडर के रूप में जानते थे और सामान्य इलाज के लिए उसके पास भी पहुंचते थे। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसकी यह पहचान केवल रोजगार तक सीमित थी या इसी माध्यम से उसने अपना संपर्क दायरा भी बढ़ाया। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अहद करीब दो माह पहले पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क के संपर्क में आया था।
पिता खेती के साथ करते हैं इलाज का काम
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के परिवार और सामाजिक पृष्ठभूमि की भी जानकारी जुटाई। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अहद के पिता मोहम्मद आलम खेती के साथ-साथ गांव में ग्रामीण चिकित्सक के रूप में भी काम करते हैं। परिवार का गांव में सामान्य सामाजिक व्यवहार बताया जाता है। पुलिस परिवार के आर्थिक और सामाजिक पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आरोपी किन परिस्थितियों में कथित रूप से पाकिस्तान आधारित नेटवर्क के संपर्क में आया। आरोपियों के बैंक खाता को भी खंगालने के लिए पुलिस विभिन्न बैंक से भी संपर्क करने का प्रयास तेज कर दिया है।
मुंगेर में गिरफ्तार युवक से भी जुड़े तार
जांच एजेंसियों के अनुसार अहद के तार हाल ही में मुंगेर से गिरफ्तार उस युवक से भी जुड़े मिले हैं, जिस पर युवाओं को पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क से जोड़ने का आरोप है। हालांकि इस बात की पुष्टि कोढ़ा क्षेत्र के एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि दोनों ने कई लोगों को समान प्रकार के लिंक भेजे थे।


