
Bihar Election: दुख है, लेकिन..., 6 सीटें मिलने पर बोले जीतन राम मांझी; उपेंद्र कुशवाहा भी शायरी छाप रहे
Bihar Election: हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने खुलकर कहा है कि एनडीए में सीट शेयरिंग के तहत 6 सीटें मिलने पर उन्हें दुख है।
Bihar Election: बिहार में चुनाव को लेकर एनडीए के बीच सीट बंटवारा हो चुका है। लेकिन सीट बंटवारे के बाद एनडीए के घटक दलों को मनमुताबिक सीटें ना मिलने पर वो अपनी प्रतिक्रिया भी खुल कर दे रहे हैं। हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने खुलकर कहा है कि एनडीए में सीट शेयरिंग के तहत 6 सीटें मिलने पर उन्हें दुख है। जीतन राम मांझी ने कहा, 'हमें 6 सीट मिली हैं। मन में दुख जरूर है लेकिन हम NDA के निर्णय के खिलाफ में नहीं हैं, संतुष्ट हैं। जो मिला है उसे लेकर हम आगे बढ़ेंगे... हर हालत में NDA की सरकार बनने वाली है।"

सीट बंटवारे के बाद राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) को भी छह सीटें ही मिली हैं। रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने एनडीए में सीट बंटवारा को लेकर सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर कविता के रूप में पोस्ट कर अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने लिखा है, ‘आज बादलों ने फिर साजिश की, जहां मेरा घर था वहीं बारिश की। अगर फलक को जिद है बिजलियां गिराने की, तो हमें भी जिद है वहीं पर आशियां बसाने की।’
इसके पहले रविवार की देर रात उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से क्षमा मांगते हुए लिखा था आपके मन के अनुकूल सीटों की संख्या नहीं हो पायी। मैं समझ रहा हूं, इस निर्णय से अपनी पार्टी के उम्मीदवार होने की इच्छा रखने वाले साथियों सहित हजारों लाखों लोगों का मन दुखी होगा।
बता दें कि राजग ने रविवार को 243 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए सीट बंटवारे की घोषणा की थी, जिसके तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेंगी, जबकि शेष सीट छोटे घटक दलों को दी जाएंगी। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीट पर उम्मीदवार उतारेगी।
मांझी ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, ‘‘ऊपर से जो फैसला हुआ है, हमने उसे स्वीकार किया है। लेकिन सिर्फ छह सीट देकर हमें कमतर आंका गया है। इसका असर चुनाव में राजग पर पड़ेगा।’’
वहीं, कुशवाहा ने सीट बंटवारे की घोषणा के बाद देर रात ‘एक्स’ पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए लिखा, ‘‘प्रिय साथियों, मैं आप सबसे क्षमा मांगता हूं। हमें जितनी सीट मिली है, वह आपकी अपेक्षा के अनुरूप नहीं हैं। मैं समझता हूं कि यह फैसला उन साथियों को आहत करेगा जो हमारी पार्टी से उम्मीदवार बनने की उम्मीद रखे थे।’’



