टिकट बेचिएगा तो विधायक फोन ऑफ नहीं तो क्या करेंगे! तेजस्वी की हार पर मांझी ने रगड़ा नमक
जीतनराम मांझी ने एक लाइन में बहुत बड़ी बात कह दी है। उन्होंने कहा है कि जब पैसा लेकर टिकट बेचिएगा तो माननीय विधायक फोन नहीं ऑफ करेगें तो क्या करेगें।

Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा चुनाव में एनडीए ने बिहार की सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज कर महागठबंधन को धूल चटा दिया है। राजद से राज्यसभा सांसद एडी सिंह दूसरी बार सदन में जाने से वंचित रह गए। तेजस्वी यादव उनकी जीत का दावा कर रहे थे। पर ऐन वक्त पर कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक ने मतदान से दूरी बना ली और मोबाइल भी स्वीच ऑफ कर लिया। केंद्रीय मंत्री और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा, HAM सुप्रीमो जीतनराम मांझी ने तीखा तंज कसा है।
सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर जीतनराम मांझी ने एक लाइन में बहुत बड़ी बात कह दी है। उन्होंने कहा है कि जब पैसा लेकर टिकट बेचिएगा तो माननीय विधायक फोन नहीं ऑफ करेगें तो क्या करेगें। जीतनराम मांझी के कहने का आशय यह है कि राष्ट्रीय जनता दल में कई ऐसे नेता और कार्यकर्ता हैं जिन्हें राज्यसभा भेजा जा सकता था। अमरेंद्रधारी सिंह बड़े पैसे वाले लोग हैं। टिकट देने के लिए उनसे काफी पैसा लिया गया। यह बात पार्टी और गठबंधन के विधायकों को गवारा नहीं गुजरा। इस वजह से सबने मोबाइल स्वीच ऑफ करके चुप्पी साध ली।
इधर जदयू प्रवक्ता अकबर अली ने भी आरोप लगाया कि राजद ने अमेंद्रधारी से पैसा लेकर कार्यकर्ता के स्थान पर एक धनपति को टिकट दिया। इससे विधायक महागठबंधन से बिदक गए। उन्होंने तेजस्वी यादव और अपनी पार्टी के नेताओं से इत्तफाक नहीं रखा और वोटिंग करने से दूरी बना ली। चार विधायकों ने वोट नहीं देकर अपने ही गठबंधन के प्रत्याशियों को हराने में अपनी भूमिका निभाई।
राज्यसभा चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया है। एनडीए से प्रत्याशी बिहार सीएम नीतीश कुमार,भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर, रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और बीजेपी के शिवेश राम राज्यसभा चुनाव जीत गए हैं। नीतीश कुमार, नितिन नवीन, और शिवेश कुमार पहली बार राज्यसभा जा रहे हैं। उपेंद्र कुशवाहा और रामनाथ ठाकुर की दूसरी पारी है। एडी सिंह एड़ी चोटी का जोर लगाकर भी राज्यसभा की दूसरी पारी नहीं खेल सके। 9 अप्रैल को पांच सांसदों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। 10 अप्रैल से सभी विजेता राज्यसभा सदस्य विधिवत बन जाएंगे। नीतीश कुमार ने इसके साथ ही चारों सदनों की सदस्यता का रिकॉर्ड काम कर दिया है।
दरअसल, सोमवार को वोटिंग से पहले राजद के विधायक फैसल रहमान और कांग्रेस के तीन विधायक सुरेंद्र कुशवाहा, मनोहर प्रसाद और मनोज विश्वास ने खेला कर दिया। तीनों वोट देनें नहीं आए और मोबाइल भी स्वीच ऑफ कर लिया। तेजस्वी यादव चार बजे तक उनका इंतजार करते रह गए।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

