कनपट्टी पर पिस्टल सटाया, बट से मारा; बिहार के मुजफ्फरपुर में 7 मिनट में ज्वेलरी शॉप में लूटपाट
बाइक से आए चार अपराधी सात मिनट के अंदर घटना को अंजाम देकर 6:40 में कच्ची-पक्की चौक की ओर फरार हो गए। दुकानदार धर्मेंद्र साह ने बताया कि 35 ग्राम सोना और करीब तीन किलो चांदी के गहने की लूट हुई है, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है।

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक ज्वेलरी शॉप में भीषण लूटपाट हुई है। यहां सदर थाने के सुस्ता में बैंक के पास स्थित गोल्डेन ज्वेलर्स को हथियार से लैस चार अपराधियों ने मंगलवार शाम करीब 6:33 बजे लूट लिया। बाइक से आए चार अपराधी सात मिनट के अंदर घटना को अंजाम देकर 6:40 में कच्ची-पक्की चौक की ओर फरार हो गए। दुकानदार धर्मेंद्र साह ने बताया कि 35 ग्राम सोना और करीब तीन किलो चांदी के गहने की लूट हुई है, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है। हालांकि, मौके पर पहुंची एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने चार लाख के गहने की लूट की पुष्टि की है।
धर्मेंद्र साह वैशाली के गोरौल निवासी हैं। परिवार के साथ अतरदह में किराए के मकान में रहते हैं। बताया कि चारों अपराधियों ने हेलमेट लगा रखा था। पतले व लंबे कद के थे। दो अपराधी दुकान के अंदर घुसे, एक गेट पर खड़ा था और एक बाइक पर ही बैठा रहा। दुकान के अंदर घुसे अपराधी ने टॉप्स दिखाने के लिए कहा। टॉप्स निकाल ही रहे थे कि अपराधियों ने पिस्टल निकाल ली। कनपट्टी में पिस्टल सटाकर माथा नीचे झुका दिया। पीठ पर पिस्टल के बट से मारा। गहने और 10 हजार कैश पिट्ठू बैग में भरकर भाग गए।
लूट के दौरान ही दुकान में दो महिला ग्राहक आईं। उन्हें भी दुकान के अंदर घुसे अपराधियों ने पिस्टल के बल पर नीचे कोने में बैठा दिया। बैग में गहना भरकर तेजी से बाहर निकले और चारों अपराधी बाइक से कच्ची-पक्की की ओर फरार हो गए। सीसीटीवी में अपराधियों की काली बाइक दिखी है। पुलिस टीम अपराधियों के भागने की दिशा देखने के लिए जगह-जगह सीसीटीवी खंगाल रही है। दुकानदार की सूचना पर करीब 45 मिनट बाद सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अपर थानेदार राजीव कुमार दलबल के साथ पहुंचे।
कुछ देर के बाद एसडीपीओ विनीता सिन्हा आईं और एफएसएल की टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई। रेकी करने के बाद आभूषण दुकानों को लूटने वाला गैंग जिले में सक्रिय है। तुर्की थाना के सकरी में बीते साल दो मई को विकास कुमार के गहने की दुकान में करीब 10 लाख के गहने की लूट हुई थी। इसमें भी दो बाइक से आए छह अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया था। इसमें चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। अन्य फरार चल रहे हैं। सुस्ता में धर्मेंद्र की दुकान में लूट में दिख रहे दो अपराधियों की कद-काठी तुर्की लूट में शामिल अपराधियों जैसी है। पुलिस गैंग के फरार शातिरों का सुराग ढूंढ रही है।
सदर थाने का सुस्ता इलाका भीड़-भाड़ वाला चौक है। लोगों का कहना है कि यहां अपराधियों का इस तरह आसानी से वारदात को अंजाम देकर निकल जाना सवाल खड़े करता है। पुलिस इस चौक के आसपास सामान्य दिनों में अक्सर गश्त पर दिखती है। हालांकि, वारदात के समय घटनास्थल से करीब एक किमी दूर कच्ची-पक्की में पुलिस की गश्ती जीप खड़ी थी। अपराधी उसी दिशा से आए व वारदात को अंजाम देकर उधर ही फरार हो गए। सुस्ता इलाके के कई अपराधी पूर्व से पुलिस की फरारी लिस्ट में चल रहे हैं। वारदात के बाद एसआईटी अपराधियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।




