
न पवन सिंह, न बीजेपी का चेहरा; काराकाट में JDU ने कर दिया खेला, उतार दिया अपना उम्मीदवार
Bihar Election 2025: काराकाट सीट पर जेडीयू ने महाबली सिंह को उम्मीदवार बनाया है। यहां भोजपुरी स्टार पवन सिंह या उनके परिवार या बीजेपी खेमे में किसी को टिकट दिए जाने की चर्चा थी।
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के सबसे चर्चित इलाकों में से एक काराकाट सीट पर आखिरकार सियासी सस्पेंस खत्म हो गया है। जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने बुधवार को इस सीट से महाबली सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया और इसके साथ ही भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनके समर्थकों की उम्मीदों पर विराम लग गया।

एनडीए के भीतर चली लंबी रस्साकशी
पिछले कई दिनों से चर्चा थी कि एनडीए पवन सिंह की मां को काराकाट से उतार सकता है। बीजेपी और जेडीयू के बीच सीट को लेकर तगड़ी खींचतान चल रही थी। लेकिन अंत में सीट शेयरिंग फॉर्मूला तय हुआ और काराकाट जेडीयू के खाते में चली गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भरोसा दिखाते हुए महाबली सिंह को मैदान में उतारने का फैसला किया।
पवन सिंह एंड फैमिली बनी थी चर्चा
हालांकि पवन सिंह पहले ही साफ कर चुके थे कि वे खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे, मगर उनके परिवार की हलचल ने काराकाट को बिहार की सबसे हॉट सीट बना दिया था। हाल ही में उनकी पत्नी ज्योति सिंह के साथ तल्खी भरे रिश्ते सुर्खियों में थे। इतना ही नहीं, उन्होंने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर से भी मुलाकात की थी, जिससे ये अटकलें तेज हो गई थीं कि वो शायद उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतर सकती हैं।
नीतीश का दांव पर बीजेपी की खामोशी
महाबली सिंह की उम्मीदवारी के साथ नीतीश कुमार ने एक तरह से बीजेपी पर दबाव बना दिया है। कहा जा रहा था कि बीजेपी अब इस सीट पर अलग रणनीति बनाने में जुटी है, जबकि एनडीए के भीतर भी जेडीयू की चालाकी की चर्चा जोरों पर है।



