जदयू की हर बूथ पर निगरानी, बीजेपी की पल-पल की खबर पर नजर; विधानसभा चुनाव पर ऐक्शन में एनडीए

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो
Follow us on Google News
share

सरकार खासकर सीएम नीतीश कुमार के कार्यों को जन जन तक पहुंचाने की रणनीति पर काम हो रहा है। बीजेपी और जदयू के मीडिया सेंटर काफी ऐक्टिव हैं। चिराग पासवान, मांझी और कुशवाहा भी जोर शोर से क्षेत्र में हैं।

file photo

बिहार विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही एनडीए की सभी दल ऐक्शन में नजर आ रहे हैं। भाजपा प्रदेश मीडिया सेंटर की गतिविधियां तेज हो गयी हैं तो जेडीयू की हर बूथ पर नजर है। सीएम नीतीश कुमार अक्सर पार्टी दफ्तर आते रहते हैं। दोनों दलों का वार रूम फाइनल स्टेज में उधर लोजपा आरवी के चिराग पासवान, जीतनराम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा भी पूरी ताकत के साथ क्षेत्र में जुटे हैं।

बीजेपी मीडिया सेंटर के अधिकारी देश और प्रदेश की पल-पल की खबर विभिन्न स्रोतों से प्राप्त कर रहे हैं और इससे शीर्ष नेतृत्व को अवगत करा रहे हैं। अखबारों, सोशल मीडिया और डिजिटल मीडिया पर चल रही खबरों, खासकर राजनीति से जुड़े हुए, पर मीडिया सेंटर 24 घंटे नजर रख रहा है। दिन में चार बार मीडिया सेंटर के प्रभारीगण राजनीतिक तथा अन्य प्रमुख घटनाओं से जुड़ी खबरों पर रिपोर्ट तैयार करते हैं। किन-किन नेताओं ने क्या-क्या बयान दिया। कहां पर बयान दिया। इस पर रिपोर्ट तैयार होती है। पांच लोगों की टीम इस पर काम करती है। लिखित हो या वीडियो, इसे शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाया जाता है। सुबह नौ बजे तक अखबारों में छपी राजनीतिक खबरों की कटिंग तैयार कर ली जाती है। वहीं, दोपहर एक बजे, शाम पांच और फिर रात नौ बजे डिजिटल मीडिया की रिपोर्ट बिहार के शीर्ष नेतृत्व के साथ दिल्ली के बड़े नेता तक भी पहुंचायी जाती है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने बताया कि चुनाव को देखते हुए त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है। इस टीम की एक जून से हर दिन रात नौ बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक होती है। इसमें बिहार के प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय मयूख आदि नेता शामिल रहते हैं। बैठक में दिनभर की राजनीतिक गतिविधि पर चर्चा होती है। साथ ही अगले दिन का मुख्य एजेंडा क्या होगा, यह भी तय किया जाता है। कौन प्रवक्ता किस एजेंडे पर अपनी बात रखेंगे, किस घटना को प्रमुखता से लोगों के समक्ष रखना है, इसका निर्धारण होता है।

मीडिया प्रभारी ने यह भी बताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर कुछ ही दिनों में चुनाव प्रबंध समिति के गठन की उम्मीद है। इसके गठन के बाद चुनाव का वार रूम तैयार किया जाएगा। वार रूम में भी विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग टीम को जिम्मेदारी दी जाती है। विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार सामग्री भेजने, नेताओं के कार्यक्रम तय करने से लेकर चुनावी सभाओं के आयोजन आदि कार्य के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों की भूमिका रहती है। वहीं, स्थानीय पार्टी पदाधिकारियों और गठबंधन दल के नेताओं के कार्यक्रम को लेकर समन्वय स्थापित करने आदि की मुख्य जिम्मेदारी वार रूम के पदाधिकारियों की रहती है। 2024 के लोकसभा चुनाव में गठित प्रबंध समिति में 70 से अधिक लोग थे।

जदयू की 243 सीटों के हर बूथ पर नजर

जदयू ने भी बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर युद्धस्तर पर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में अत्याधुनिक वार रूम तैयार किया जा रहा है। वार रूम लगभग तैयार है। दल के शीर्ष नेता जब चाहते हैं, तब वाररूम के माध्यम से वर्चुअल बैठक कर रहे हैं। पार्टी का उद्देश्य हर एक बूथ की निगरानी राज्य मुख्यालय से करनी है, इसीलिए पार्टी बूथ जीतो चुनाव जीतो का लक्ष्य लेकर चल रही है। जदयू के वार रूम में सभी 243 विधानसभा क्षेत्र की न केवल विस्तृत जानकारी उपलब्ध है, बल्कि वहां चल रही सभी चुनावी गतिविधियों की पल-पल की रिपोर्ट भी भेजी जाती है। पिछले दिनों जदयू मुख्यालय में सभी विधानसभा क्षेत्र पंचायत वार और वार्ड वार चुनाव की तैयारी को लेकर वर्चुअल बैठकें आयोजित की गईं। इनमें पार्टी ने हर बूथ तक अपना संदेश पहुंचाया कि कैसे आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारी करनी है?

नीतीश भी आते रहते हैं पार्टी ऑफिस

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी कई बार पार्टी मुख्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव के मुद्दे पर उत्साहित कर चुके हैं। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को 225 सीटें जीतने के लक्ष्य को साकार करने के लिए जमीन पर जाकर पसीना बहाने का संदेश भी दिया है। मुख्यमंत्री ने उन्हें जीत के कई महत्वपूर्ण टिप्स भी दिये हैं। इसी के आधार पर पार्टी का वार रूम अपनी कार्ययोजना बना रहा है। पार्टी के वार रूम में पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भी इस्तेमाल किया जाएगा। यही नहीं, वहां मीडिया और सोशल मीडिया को लेकर भी विशेष प्रावधान किये जा रहे हैं।

संजय झा और उमेश कुशवाहा एक्टिव

नीतीश सरकार के बेहतर कार्यों को लेकर आम लोगों तक स्पष्ट संदेश पहुंचाने के लिए भी यह वार रूम विशेष योजना तैयार कर रहा है। साथ ही यहां से नीतीश सरकार के विकास औरकल्याणकारी कार्यों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के साथ विपक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों का भी जवाब दिया जाएगा। वार रूम की कमान आईटी प्रोफेशनल के साथ पार्टी के तकनीकी रूप से दक्ष नेता और कार्यकर्ता खुद संभालेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा खुद इसकी निगरानी कर रहे हैं। राज्य के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में गठबंधन के नेताओं के चुनावी कार्यक्रम तय करने दलों के साथ सम्नवय बैठाने आदि कार्य भी वार रूम की अहम भूमिका होगी।

Sudhir Kumar

लेखक के बारे में

Sudhir Kumar

टीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna, Muzaffarpur, Bhagalpur और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi NewsBihar Newsजदयू की हर बूथ पर निगरानी, बीजेपी की पल-पल की खबर पर नजर; ऐक्शन में एनडीए