अनंत सिंह की खुली बगावत पर जेडीयू में महामंथन, नीरज को MLC चुनाव कैसे जिताएंगे नीतीश?
बिहार एमएलसी चुनाव में जेडीयू विधायक अनंत सिंह की खुली बगावत से पार्टी में घमासान मचा हुई है। जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को इस मुद्दे पर संजय झा के साथ बैठक की। अनंत सिंह के मामले पर पार्टी में हाईलेवल मंथन चल रहा है।

बिहार के मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह की खुली बगावत पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) में महामंथन शुरू हो गया है। जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के पटना स्थित आवास पर इस बारे में उच्चस्तरीय बैठक हुई। लगभग ढाई घंटे चली बैठक में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव मौजूद रहे। दरअसल, अनंत सिंह आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट से जेडीयू के उम्मीदवार एवं मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार का खुलकर विरोध कर रहे हैं। वह इसी सीट से प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के कैंडिडेट अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। अनुज सिंह ने गुरुवार को नामांकन किया तो उनके लिए अनंत सिंह ने पटना में रोड शो भी किया। इससे सियासी पारा गर्माया हुआ है।
अनंत सिंह और नीरज कुमार के झगड़े पर जेडीयू में घमासान मचा हुआ है। जेडीयू के नेता फिलहाल इस मुद्दे पर बोलने से बचते नजर आ रहे हैं। पार्टी ने भी अभी तक इस मामले पर कोई बड़ा कदम नहीं उठाया है। अनंत सिंह खुलकर जन सुराज उम्मीदवार अनुज का प्रचार कर रहे हैं। ऐसे में सियासी गलियारों में सवाल उठ रहा है कि जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार आगे क्या रुख अपनाएंगे?
अनंत सिंह बोले- पार्टी का चुनाव नहीं
वहीं, दूसरी ओर अनंत सिंह का कहना है कि एमएलसी चुनाव पार्टी का इलेक्शन नहीं होता है, उसमें सिंबल पर नहीं लड़ा जाता है। वह नीतीश कुमार के प्रति अपनी वफादारी कायम रहने और चुनाव में नीरज कुमार को हरवाने की बातें कह रहे हैं। अनजु सिंह के नामांकन में पहुंचे मोकामा विधायक ने कहा कि वह नीरज कुमार को हराने के लिए पूरा दम लगा रहे हैं। उनका दावा है कि इस चुनाव में नीरज की हार निश्चित है।
सुलह की कोशिश नाकाम
जेडीयू ने पिछले महीने अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सुलह की भरसक कोशिश की। जेडीयू प्रदेश कार्यालय में दोनों को साथ बैठाकर वरीय नेताओं ने बैठक की थी, जो बेनतीजा रही। अनंत सिंह अपने स्टैंड पर अड़े रहे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व को स्पष्ट कर दिया कि अगर नीरज लड़ेंगे तो वह उनका खुलकर विरोध करेंगे।
इसी बीच, 23 सितंबर को जेडीयू ने औपचारिक रूप से नीरज कुमार को पटना स्नातक सीट से प्रत्याशी बनाया। फिर अनंत सिंह समर्थित अनुज सिंह को पीके की जन सुराज ने टिकट दे दिया। गुरुवार को जब अनुज ने अपना पर्चा भरा, तो अनंत सिंह ने उकने साथ रोड शो निकालकर जेडीयू को साफ संदेश दे दिया कि वह किसी की सुनने वाले नहीं हैं।
नीरज और अनंत के झगड़े पर सवाल टाल रहे नेता
जेडीयू के नेता फिलहाल विधायक अनंत सिंह और एमएलसी नीरज कुमार के झगड़े पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं। मंत्री अशोक चौधरी से गुरुवार को जब पत्रकारों ने सवाल किया, तो उन्होंने कहा कि पार्टी समय पर उचित जवाब देगी। वहीं, मंत्री मदन सहनी ने भी अनंत सिंह की बगावत से जुड़े सवाल को टाल दिया। नीतीश की बैठक से निकले संजय झा और बिजेंद्र यादव ने भी मीडिया से कोई बात नहीं की।
क्या अनंत सिंह पर ऐक्शन लेगी जेडीयू?
नीरज कुमार एमएलसी चुनाव में जेडीयू के आधिकारिक प्रत्याशी हैं। वहीं, अनंत सिंह बागी तेवर अपनाते हुए नीरज का खुलकर विरोध कर रहे हैं और पीके की पार्टी के कैंडिडेट अनुज सिंह का प्रचार भी कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अनंत सिंह के इन तेवर पर जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार क्या ऐक्शन लेंगे? क्या उन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी?
23 अक्टूबर को मतदान
पटना स्नातक समेत बिहार विधान परिषद की 8 एमएलसी सीटों पर चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। एमएलसी चुनाव के लिए 23 सितंबर को वोटिंग होगी और नतीजे 27 अक्टूबर को आएंगे।
सत्ताधारी गठबंधन एनडीए में जेडीयू और बीजेपी 4-4 सीटें लड़ रही हैं। वहीं, विपक्ष से आरजेडी ने 6 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। बाकी पर निर्दलीय, कांग्रेस और वाम दलों के नेता भी दावेदार हैं। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी सभी 8 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर चुकी है। ऐसे में विधान परिषद के चुनाव रोचक होने की संभावना नजर आ रही है।

