जदयू विधायक दल की बैठक 20 अप्रैल को, नीतीश कुमार के बाद किसे नया नेता चुनेगी पार्टी?

Jayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद पहली बार 20 अप्रैल को जदयू विधाक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में नीतीश के बाद विधायक दल का नया नेता चुने जाने की संभावना है। 

जदयू विधायक दल की बैठक 20 अप्रैल को, नीतीश कुमार के बाद किसे नया नेता चुनेगी पार्टी?

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने 20 अप्रैल को विधायक दल की बैठक बुलाई है। संभावना है कि इसमें विधायक दल का नया नेता चुना जाएगा। नीतीश ने पिछले दिनों बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बने। सम्राट के नेतृत्व वाली सरकार में जदयू से दो नेताओं विजय चौधरी एवं बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया, लेकिन सदन में पार्टी का अभी कोई नेता नहीं है। अब तक नीतीश कुमार ही जदयू विधान मंडल दल के नेता थे, लेकिन वह राज्यसभा चले गए हैं, तो आगामी बैठक में नया नेता चुना जा सकता है।

फिलहाल, डिप्टी सीएम विजय चौधरी के जदयू विधायक दल का नेता बनाए जाने की अटकलें चल रही हैं। वह सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली एनडीए की सरकार में नंबर दो की हैसियत से डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। उनके साथ 15 अप्रैल को जदयू के वरीय नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, लेकिन उन्हें पार्टी विधायक दल का नेता बनाए जाने की संभावना कम हैं।

नीतीश ने छोड़ा सीएम पद

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने हाल ही में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया। लगभग दो दशक तक इस पद पर काबिज रहने वाले नीतीश ने पिछले महीने राज्यसभा जाने का फैसला लिया था। 16 मार्च को उन्होंने राज्यसभा का चुनाव जीता। 30 अप्रैल को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से त्यागपत्र दिया। फिर दिल्ली जाकर 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद की शपथ ली। इसके बाद पटना आकर 14 अप्रैल को उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया और राज्य में एनडीए की नई सरकार के गठन की राह खोली।

निशांत कुमार अभी सरकार में आने को राजी नहीं

नीतीश के इस्तीफे के बाद उनके बेटे निशांत कुमार के नई सरकार में डिप्टी सीएम बनने की चर्चा चल रही थी। हालांकि, फिर अंदरखाने से खबर आई कि निशांत अभी सरकार में आने को राजी नहीं हैं। इसलिए उनकी जगह दो वरीय नेताओं विजय चौधरी एवं बिजेंद्र यादव को डिप्टी सीएम बनाया गया। नीतीश के इस्तीफे के दिन ही जदयू विधायक दल की बैठक होनी थी, लेकिन उसे स्थगित कर दिया गया था।

एक दिन पहले गुरुवार को निशांत कुमार ने पार्टी कार्यालय में मीडिया से बाततीत के दौरान स्पष्ट किया कि वह अभी संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे। सभी 38 जिलों की यात्रा कर जनता के बीच जाएंगे। ऐसे में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के ही जदयू विधायक दल का नेता बनाए जाने की पूरी संभावना नजर आ रही है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।