निशांत पर टिप्पणी का जदयू ने आरजेडी को दिया तिलमिलाने वाला जवाब, लालू और तेजस्वी को लपेटा
जदयू नेताओं ने कहा है कि निशांत की लोकप्रियता से राजद घबरा गया है और उसे भविष्य की राजनीति में अपने लिए अंधेरा दिखाई देने लगा है। इसी डर से राजद उनपर अनर्गल आरोप लगा रहा है।

जदयू ने नीतीश कुमार के पुत्र और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पर की जा रही राजद की व्यक्तिगत टिप्पणियों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सह विधान पार्षद नीरज कुमार, निहोरा प्रसाद यादव और अंजुम आरा ने कहा कि राजद की यह बयानबाजी उसकी राजनीतिक घबराहट और बेचैनी को दर्शाती है। सोशल मीडिया पर राजद और विपक्षी पार्टियों द्वारा निशांत कुमार के स्वास्थ्य पर इन दिनों निजी स्तर की टिप्पणी की जा रही है। उन्हें ट्रोल करने का प्रयास किया जा रहा है।
नेताओं ने कहा कि हकीकत यह है कि निशांत की लोकप्रियता से राजद घबरा गया है और उसे भविष्य की राजनीति में अपने लिए अंधेरा दिखाई देने लगा है। इसी डर से राजद उनपर अनर्गल आरोप लगा रहा है। सोमवार को जदयू दफ्तर में प्रेस वार्ता में जदयू नेताओं ने कहा कि निशांत ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के आग्रह पर राजनीति और मंत्री पद की जिम्मेदारी स्वीकार की है। इससे पहले मंत्री श्रवण कुमार का बयान आया था कि निशांत कुमार ने डिप्टी सीएम का पद छोड़ दिया। इससे उन्होंने राजनैतिक महानता का परिचय दिया है।
मीडियाकर्मियो को दिए बयान में जदयू नेताओं ने कहा कि जिस प्रकार लालू प्रसाद ने सार्वजनिक मंच से तेजस्वी यादव को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था, वैसी कोई परिस्थिति जदयू में कभी नहीं रही। नीतीश कुमार ने न तो कभी सार्वजनिक रूप से निशांत को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया और न ही उनकी कोई ताजपोशी की गई। निशांत कुमार हमेशा पिता के साथ रहे और उनकी हर गतिविधि को करीब से देखते रहे। लेकिन, उन्होंने कभी राजनीति में आने की इच्छा नहीं जताई। काफी समझाने बुझाने के बाद कार्यकर्ताओं की मांग पर वे राजनीति में आए और जदयू की सदस्यता ली। तब से वह काफी सक्रिय हैं और राजनैतिक, सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उनकी राजनैतिक सूझबूझ भी काफी बेहतर है।
जदयू प्रवक्ताओं ने कहा कि जय निशांत तय निशांत जदयू का नारा है और निशांत आज पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं इसमें किसी को कोई संदेह नहीं है। उनकी सद्भाव यात्रा के दौरान बिहार की जनता ने जिस उत्साह और आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया, उससे स्पष्ट हो गया कि जनता और कार्यकर्ताओं के दिलों में उनके प्रति गहरा सम्मान और विश्वास है। यह सब देखकर राजद के नेता घबराहट में हैं और निशांत कुमार पर अशोभनीय टिप्पणी कर रहे हैं। लेकिन, जनता इससे भ्रमित होने वाली नहीं है। एनडीए में लोगों की पूरी आस्था है। किसी टीका-टिप्पणी से राजद को कोई लाभ नहीं होने वाला है।
लेखक के बारे में
Sudhir Kumarटीवी, प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में लगभग 18 साल का अनुभव रखने वाले सुधीर कुमार लाइव हिन्दुस्तान में अगस्त 2021 से बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर/को-ऑर्डिनेटर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में हिन्दुस्तान दैनिक से इंटर्न के रूप में करियर की शुरुआत की। सुधीर ने लंबे समय तक ईटीवी/न्यूज18 में रिपोर्टर के रूप में बिहार और झारखंड में काम किया। दोनों राज्यों की राजनीति के साथ क्राइम, भूगोल और कल्चर की समझ रखते हैं। झारखंड में नक्सली वारदातों की कवरेज के साथ बिहार के चर्चित बालिकागृह कांड की पहली टीवी रिपोर्टिग कर गुनाहगारों का चेहरा उजागर किया। सुधीर ने स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों को कवर किया है और ह्यूमैन रिलेशन्स पर भी लिखते हैं। साइंस बैकग्राउंड के विद्यार्थी सुधीर कुमार ने इंदिरा गांधी नैशनल ओपन यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा किया है। डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में खास रूचि रखते।
और पढ़ें

