कौन है रमीज; जेडीयू ने लालू यादव से पूछा- तेजस्वी को राजनीति सीखा रहा था हिस्ट्रीशीटर?
जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से सवाल करते हुए पूछा कि रमीज कौन है और क्या एक हिस्ट्रीशीटर तेजस्वी को राजनीति सीखा रहा था? उन्होंने आरजेडी से इस पर जवाब देने की मांग की है।
बिहार चुनाव में आरजेडी की करारी हार के बाद लालू परिवार में हुई कलह पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू ने लालू यादव पर निशाना साधा है। जेडीयू ने लालू से उनके बेटे तेजस्वी यादव के करीबी रमीज नेमत खान पर सवाल उठाए हैं। जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा- रमीज कौन है और लालू को बताना चाहिए कि क्या एक हिस्ट्रीशीटर तेजस्वी को राजनीति सीखा रहा था? बता दें कि लालू की बेटी रोहिणी ने परिवार में उनके साथ बदसलूकी के आरोप लगाए थे। उन्होंने तेजस्वी यादव के सलाहकार संजय यादव और रमीज के नाम लेकर उनपर कई हमले बोले थे।

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा, "कल राष्ट्रीय जनता दल की समीक्षा बैठक के बाद लालू यादव का बयान आया कि यह पारिवारिक मामला है और इसे सुलझा लिया जाएगा। मगर समीक्षा बैठक के बाद यह बयान आना बताता है कि मीटिंग में उसकी चर्चा हुई। राजनीति में परिवार को लाएंगे तो वह पारिवारिक मसला नहीं रह जाता है, वह राजनीतिक मसला है।"
उन्होंने कहा, “हम लालू यादव से पूछते हैं कि वो रमीज कौन है? वो हिस्ट्रीशीटर कौन है? क्या वो तेजस्वी यादव को राजनीति की तमीज सीखा रहा था? उस पर गैंगस्टर एक लगा है। उसके खिलाफ 10-11 मामले दर्ज हैं। जो हाल ही में जेल से लौटकर आया हो, क्या वो मीडिया कॉर्डिनेटर बना था। आरजेडी को यह स्पष्ट करना चाहिए। उस रमीज को सामने लाइए। राजद की चुप्पी का मतलब है कि पार्टी में भी जंगलराज का चस्पा लगा हुआ है।”
कौन है रमीज?
लालू परिवार में कलह के बीच जो रमीज चर्चा में आए हैं, वो तेजस्वी यादव के पुराने दोस्त बताए जा रहे हैं। पूरा नाम रमीज नेमत खान है। वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर के रहने वाले हैं। रमीज पर यूपी में एनएसए, गैंगस्टर एक्ट और मर्डर के विभिन्न केस लगे हुए हैं। कई समय तक वह जेल में बंद रहे और फिलहाल जमानत पर रिहा हैं। बताया जा रहा है कि रमीज खान क्रिकेटर रहे हैं और झारखंड से फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेल चुके हैं।





