JDU के अनंत सिंह के यहां 20 हजार लोगों को दावत, बीजेपी 501 किलो लड्डू बांटेगी; जीत से पहले जश्न की तैयारी
मिठाई कारोबारी प्रदीप चौरसिया बताते हैं कि चुनावी नतीजे निकलने के बाद मोहल्लों के स्थानीय नेताओं द्वारा भी दस- बीस किलो मिठाई खरीदा जाता है। इनके लिए पहले से बुकिंग नहीं कराया जाता है।
बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे चाहे कुछ भी हो, मिठाइयों और दावतों का दौर चलना पक्का है। 14 नवंबर को मतगणना के बाद एनडीए और महागठबंधन दोनों की ओर से जीत का दावा किया जा रहा है। दोनों घटकों से जुड़े नेता जीत का स्वाद कार्यकर्ताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों को चखाने के लिए तैयारियों में जुट गए हैं। मोकामा विधानसभा से जदूय के प्रत्याशी अनंत सिंह ने तो पटना स्थित सरकारी आवास में मतगणना के दिन 20 हजार लोगों को दावत देने की तैयारी शुरू कर दी है।

अनंत सिंह के यहां टेंट लगाया गया है। कारीगरों को मिठाई तैयार करने के काम में लगा दिया गया है। दो सौ क्विंटल दूध और डेढ़ क्विंटल खोवा मंगाया गया है। इसके अलावा 20 हजार लोगों को पूड़ी, पुलाव, दाल, गोबी, आलू-मटर और बैगन बड़ी की सब्जी खिलाने की तैयारियां हो रही है। जीत को लेकर आश्वस्त दर्जनों नेताओं और उनके समर्थकों द्वारा अभी से जश्न की तैयारी शुरू कर दी गई है।
मिठाइयों के दिए जा रहे ऑर्डर :
चुनाव में जीत का जश्न मनाने के लिए मिठाई कारोबारियों को ऑर्डर दिया जा रहा है। मिठाई कारोबारी अरुण कुमार बताते हैं कि मतगणना के बाद सबसे ज्यादा लड्डू की मांग होती है। इनमें मोतीचूर, बूंदी, बेसन आदि के लड्डू के ऑर्डर मिठाई दुकानदारों को मिल रहे है। शहर में मतगणना के दौरान 10 टन से ज्यादा लड्डू बांटे जाने की उम्मीद है। इसकी तैयारियां भी बीते दो-तीन दिनों से चल रही है।
मिठाई कारोबारी प्रदीप चौरसिया बताते हैं कि चुनावी नतीजे निकलने के बाद मोहल्लों के स्थानीय नेताओं द्वारा भी दस- बीस किलो मिठाई खरीदा जाता है। इनके लिए पहले से बुकिंग नहीं कराया जाता है। अभी बेसन का लड्डू 640 रुपये किलो और बूंदी के लड्डी 680 रुपये किलो की दर से बेची जा रही है।
काजू बर्फी, चंद्रकला और रसकदम की भी मांग
मतगणना के दिन लड्डू के अलावा काजू बर्फी, चंद्रकला और रसकदम का स्टॉक भी बाजार में बढ़ाया जा रहा है। मिठाई कारोबारी विशाल रहूजा बताते हैं कि मतगणना समाप्त होने के दो घंटे पहले से मिठाई खरीदारी का दौर शुरू हो जाता है। मतगणना के दिन लड्डू के अलावा काजू बर्फी, छेना, चंद्रकला, गुजिया और रसकदम आदि की मांग होती है। इसे देखते हुए इन मिठाइयों का स्टॉक रखा जा रहा है।
भाजपा की ओर से 501 किलो लड्डू बांटे जाएंगे
मतगणना के दिन पटना के विभिन्न वार्डों में लड्डू वितरण की तैयारी में भाजपा कार्यकर्ता जुट गये हैं। पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने बताया कि 14 नवंबर को मतगणना के दिन 501 किलो लड्डू का वितरण हमलोग करेंगे। सभी कार्यकर्ता एनडीए की जीत के लिए आश्वसत हैं। इस दिन पटना में जश्न होगा।



