जेडीयू ने मान ली राज्यसभा जाने पर चर्चा की बात, विजय चौधरी बोले- फैसला नीतीश ही लेंगे

Mar 04, 2026 09:42 pm ISTJayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share

बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होगा या नहीं, नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे या नहीं, इसका फैसला खुद सीएम नीतीश ही करेंगे। मंत्री विजय चौधरी ने यह बात कही है। जेडीयू ने नीतीश के राज्यसभा जाने पर चर्चा की बात मान ली है।

जेडीयू ने मान ली राज्यसभा जाने पर चर्चा की बात, विजय चौधरी बोले- फैसला नीतीश ही लेंगे

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर जनता दल यूनाइटेड (JDU) में चर्चा चल रही है। यह बात जेडीयू ने मान ली है। जेडीयू के वरीय नेता एवं नीतीश सरकार में मंत्री विजय चौधरी के अनुसार राज्यसभा जाना है या नहीं, यह फैसला खुद नीतीश ही करेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं, उनके निर्देश का ही पालन किया जाएगा।

बुधवार दोपहर से बिहार के सियासी गलियारों में नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलें चल रही थीं। जेडीयू के अंदर इस पर लंबा मंथन भी हुआ। सीएम नीतीश कुमार के आवास से लेकर जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के घर तक बैठकें हुईं। हालांकि, इस दौरान पार्टी के किसी भी वरीय नेता ने इस पर चर्चा की पुष्टि नहीं की थी।

जेडीयू के सीनियर नेता विजय चौधरी बुधवार रात में जब संजय झा के आवास से मंथन कर निकले, तो उन्होंने नीतीश के राज्यसभा जाने की चर्चा होने की बात मानी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्यसभा जाने पर अंतिम फैसला नीतीश ही लेंगे। वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और बिहार में सरकार के मुखिया भी हैं।

बिहार की 5 राज्यसभा सीटों पर नामांकन का गुरुवार को आखिरी दिन है। एनडीए के तीन प्रत्याशी (नितिन नवीन, शिवेश राम और उपेंद्र कुशवाहा) के नाम का ऐलान हो चुका है। जेडीयू कोटे के दो उम्मीदवारों के नामों की घोषणा नहीं हुई है। नीतीश के नाम की चर्चा है लेकिन औपचारिक ऐलान बाकी है।

कल सुबह साफ होगी स्थिति, अमित शाह भी पटना आ रहे

कहा जा रहा है कि गुरुवार सुबह तक पूरी स्थिति साफ हो जाएगी। विधानसभा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नीतीश कुमार सुबह 11:30 बजे राज्यसभा के लिए नामांकन कर सकते हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी गुरुवार को पटना आ रहे हैं। वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नॉमिनेशन में शामिल होंगे।

नीतीश के बेटे निशांत कल जेडीयू में शामिल होंगे

वहीं, नीतीश सरकार में मंत्री जमा खान ने बुधवार शाम मीडिया से बातचीत में कहा कि सीएम के बेटे निशांत कुमार राजनीति में आ रहे हैं। वे गुरुवार को जेडीयू की सदस्यता ग्रहण करेंगे। बुधवार सुबह तक निशांत के राज्यसभा जाने की अटकलें चल रही थीं, लेकिन दोपहर होते-होते चर्चाओं का दौर नीतीश पर शिफ्ट हो गया।

नीतीश कुमार अगर राज्यसभा जाते हैं तो बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होगा। नीतीश के हटने पर भाजपा बिहार में अपना सीएम बना सकती है। भाजपा से कौन मुख्यमंत्री बनेगा इस पर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। वहीं, नीतीश के बेटे निशांत को बिहार सरकार में डिप्टी सीएम का पद दिया जा सकता है।

Jayesh Jetawat

लेखक के बारे में

Jayesh Jetawat

जयेश जेतावत एक अनुभवी, जुझारू एवं निष्पक्ष पत्रकार हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग एवं संपादन में महारत हासिल है। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। तकनीकी रूप से निपुण जयेश, तथ्यों की बारीकी से जांच कर समयसीमा के भीतर पाठकों तक सटीक खबरें एवं शोध-परक विश्लेषण पहुंचाते हैं। जनसरोकार के मुद्दे उठाना, पेशेवर नैतिकता का पालन करना, समाज एवं मानव कल्याण के प्रति जिम्मेदारी, इन्हें और भी योग्य बनाती है। भाषा पर इनकी अच्छी पकड़ है। जटिल मुद्दों को पाठकों एवं दर्शकों तक आसान शब्दों में पहुंचाना इनकी खूबी है।

जयेश जेतावत मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं। इन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से जनसंचार में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इसके बाद ईटीवी भारत में बतौर प्रशिक्षु समाचार संपादक के रूप में काम शुरू किया। फिर इंडिया न्यूज के डिजिटल सेक्शन में विभिन्न बीट कवर की। इसके बाद, वे2न्यूज में बतौर टीम लीडर तीन राज्यों की कमान संभाली। साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े, तब से यहां बिहार की खबरों को कवर कर रहे हैं। जयेश ने टाइम्स ऑफ इंडिया, लाइव इंडिया न्यूज चैनल और सी-वोटर रिसर्च एजेंसी में इंटर्नशिप भी की। पटना से प्रकाशित मैगजीन राइजिंग मगध में समसामयिक विषयों पर इनके लेख छपते रहे हैं। समाचार लेखन के अलावा जयेश की साहित्यिक पठन एवं लेखन में रुचि है, सामाजिक मुद्दों पर कई लघु कथाएं लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।