
दानापुर से जन सुराज के कैंडिडेट लापता; नहीं कर पाए नामांकन, मोबाइल भी स्विच ऑफ
Bihar Elections: जन सुराज के टिकट पर पहली बिहार चुनाव लड़ रहे दानापुर सीट के प्रत्याशी अखिलेश कुमार अचानक गायब हो गए। वे नामांकन भी नहीं कर पाए। बताया जा रहा है कि नॉमिनेशन से पहले मंदिर पूजा करने गए थे। जिसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। मोबाइल भी स्विच ऑफ है।
Bihar Chunav: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के नामांकन के अंतिम दिन दानापुर सीट से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अखिलेश कुमार उर्फ मुटूर नॉमिनेशन नहीं कर सके। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को उन्होने नामांकन की पूरी तैयारी कर ली थी। समर्थकों का जमावड़ा भी लग गया था। अखिलेश नामांकन से पहले मंदिर में पूजा करने गए। जिसके बाद से अचानक उनके गायब होने चर्चा होने लगी। बात जन सुराज पार्टी तक पहुंची। पार्टी की ओर से भी अखिलेश कुमार के गायब होने और अगवा किए जाने के कयास लगाने की बात कही गई।

निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी जन सुराज से कोई नामांकन करने नहीं पहुंचा। वहीं अखिलेश का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। हालांकि अखिलेश को लेकर परिवार में कोई परेशानी अभी तक नहीं देखी जा रही है। अभी तक जन सुराज के प्रत्याशी की कोई खोज-खबर नहीं मिली है। पार्टी का कहना है कि अगर अखिलेश के बारे में कोई सूचना नहीं मिली तो कानूनी मदद ली जाएगी।
आपको बता दें बिहार चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन का आज (शुक्रवार) आखिरी दिन था। पहले चरण के 18 जिलों के 121 विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस दौरान 1198 नामांकन दाखिल हुए। आपको बता दे प्रशांत किशोर की जन सुराज बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। अब तक प्रत्याशियों की दो लिस्ट में जारी कर चुकी है। वहीं आज यू-ट्यूबर मनीष कश्यप को चनपटिया से पार्टी उम्मीदवार घोषित किया गया है।



