
बिहार को सोने की लंका बना देंगे... यही सुनना बाकी है, तेजस्वी को प्रशांत किशोर ने डोज दे दिया
तीन करोड़ नौकरी की बात करने वाले यह नहीं बता रहे कि जब मां बाप का राज था तो क्या किया। अब यही सुनना बाकी रह गया है कि तेजस्वी यादव थोड़े दिन में बिहार को सोने की लंका बना देंगे।
Bihar Election: महागठबंधन के सीएम फेस और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव पर प्रशांत किशोर ने बड़ा हमला किया है। कहा है कि यह पहले से तय था कि बिहार में जंगलराज लौटेगा तो उनके बेटे ही मुख्यमंत्री बनेंगे। हार करीब दिख रहा है तो लोग कुछ भी बोल रहे हैं। पीके ने दावा किया कि मोदी, नीतीश, लालू सब जाएंगे। राज्य में जनता की सरकार बनेगी। अगली दिवाली पर किसी को बाहर से घर आने की नौबत नहीं आएगी।

प्रशांत किशोर ने कहा कि तेजस्वी यादव कहते हैं कि सभी घर में सरकारी नौकरी देंगे। बड़ी बड़ी बातें करते हैं। सीएम बनने का सपना देख रहे हैं। तीन करोड़ नौकरी देने वाले यह नहीं बता रहे कि जब मां बाप का राज था तो क्या किया। अब यही सुनना बाकी रह गया है कि तेजस्वी यादव थोड़े दिन में बिहार को सोने की लंका बना देंगे। आज बिहार को करोड़ों बच्चे पलायन कर रहे हैं और ये लोग दावे पर दावे किए जा रहे हैं। लेकिन बिहार की जनता अब इनकी बातों में आने वाले नहीं है। पहले विकल्प नहीं था तो लालू के डर से बीजेपी और भाजपा के डर से राजद को वोट दे देते थे। अब जनता के सामने जन सुराज का व्यवस्थित विकल्प है।
उन्होंने कहा कि दोनों गठबंधनों ने रोजगार के लिए कुछ नहीं किया। आज त्योहार में बिहार वासी ट्रेनों में जानवरों की तरह ठूंस ठूंस कर आ रहे हैं। यह नौबत क्यों आई। मोदी सरकार ने कहा कि दो हजार स्पेशल ट्रेन चला देंगे तो क्या हुआ। बिहार वासी इन सब का हिसाब करेंगे। बदलाव की पूरी तैयारी हो गई है। कोई इसको रोक नहीं सकता है।
मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम घोषित करने पर कहा कि सत्ता के लिए कुछ भी कहने लगते हैं। चाहे तो पांच डिप्टी सीएम घोषित कर दें पर कोई फायदा नहीं होगा। बिहार में जनता की सरकार बनेगी और जन सुराज आएगा।





