बांकीपुर उपचुनाव : प्रशांत किशोर करेंगे सभा फिर नामांकन, बीजेपी के नीरज सिन्हा भी भरेंगे पर्चा

हिन्दुस्तान, प्रधान संवाददाता, पटना
Follow us on Google News
share

बांकीपुर उपचुनाव : बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आज नामांकन का अंतिम दिन है। आज अंतिम दिन पटना में सियासी हलचल तेज रहेगी। एक तरफ जहां प्रशांत किशोर अपना पर्चा दाखिल करेंगे तो वहीं बीजेपी प्रत्याशी नीरज सिन्हा भी अपना पर्चा भरेंगे। 

Bankipur by election

पटना की बहुचर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। इस सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन का आज आखिरी दिन है। जाहिर है ऐसे में आज पटना में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ी रहेंगी। एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा और जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर सोमवार को यानी आज बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पर्चा दाखिल करेंगे। जन सुराज की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक प्रशांत किशोर की सोमवार सुबह 10 बजे स्काउट एंड गाइड मैदान में सभा होगी। इसके बाद दिन में 11 बजे से नामांकन यात्रा की शुरुआत होगी। स्काउट एंड गाइड मैदान से कोतवाली थाना, डाकबंगला चौराहा, एसपी वर्मा रोड, जेपी गोलंबर होते हुए गांधी मैदान थाना के पास दोपहर 12 बजे नामांकन यात्रा पहुंचेगी और कारगिल चौक से कलेक्ट्रेट होते हुए नामांकन पत्र भरने चुनाव पदाधिकारी के पास पहुंचेंगे।

इधर, भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने रविवार को विधानसभा के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व सांसद डॉ. सीपी ठाकुर, पटना साहिब के सांसद रवि शंकर प्रसाद, पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल से मिलकर विधानसभा उपचुनाव में सफलता के लिए आशीर्वाद लिया। भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा अंतर्गत कई निगम पार्षदों से भी मुलाकात कर जीत के लिए समर्थन मांगा।

नीतीश कुमार से मिले भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा

पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर केंद्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी भी उपस्थित रहे। पूर्व सीएम ने नीरज कुमार सिन्हा को जीत की अग्रिम शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि एनडीए पूरी ताकत के साथ बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में विजय हासिल करेगा। जनता की सेवा और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए नीरज को शुभकामनाएं दी।

नामांकन में आने का आह्वान

भाजपा कार्याकर्ताओं की बैठक खाजेकलां सामुदायिक भवन में हुई। अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष रूपनारायण मेहता व संचालन सुरेश सिंह पटेल ने किया। विधायक रत्नेश कुशवाहा ने संगठन के कार्यक्रम को संचालित करने और बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होने का आह्वान किया। बैठक में प्रदेश मंत्री प्रभाकर मिश्र,विनय केशरी, संजय सिंह, प्रो. दिनेश पटेल, नवीन सिन्हा ,प्रदीप काश, लल्लू शर्मा,स्मिता रानी, मयंक जायसवाल,सन्नी यादव,चौक मंडल अध्यक्ष अमित कानोडिया,पंकज गुप्ता, जितेंद्र कुमार जितू मौजूद थे।

बांकीपुर से होगी बदलाव की शुरुआत : जन सुराज

जन सुराज पार्टी के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव बिहार की राजनीति को नई दिशा देने वाला साबित होगा। यहीं से बिहार में बदलाव की शुरुआत होगी। पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस बाबत उन्होंने बताया कि स्काउट एंड गाइड मैदान से नामांकन के लिये प्रशांत किशोर निकलेंगे। बांकीपुर हमेशा से प्रबुद्ध और जागरूक मतदाताओं का विधानसभा क्षेत्र रहा है। जनता से अपील है कि बिहार में विकास की नई सोच को आगे बढ़ाना है तो प्रशांत किशोर को विधानसभा भेजना होगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक विधानसभा उपचुनाव नहीं, बल्कि बिहार की राजनीति को नई दिशा देने का अवसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन माह में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। यह जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पायी है।

Nishant Nandan

लेखक के बारे में

Nishant Nandan
एक दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे निशांत नंदन डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले इलेक्ट्रॉनिक/प्रसारण मीडिया में लंबे समय तक काम कर चुके हैं। निशांत ने अपने करियर की शुरुआत ETV बिहार से की थी। इसके बाद वो मौर्य न्यूज, आर्यन न्यूज, न्यूज वर्ल्ड इंडिया जैसे संस्थानों में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। साल 2018 में इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप के साथ डिजिटल पत्रकारिता का सफर शुरू करने के बाद निशांत साल 2021 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। निशांत मूल रूप से बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले हैं। आरा में शुरुआती शिक्षा के बाद इन्होंने नालंदा मुक्त विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और बिहार के अन्य जिलों की ताज़ा खबरें और पटना का मौसम हिंदी में जानने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।