
छात्र तनाव में आकर आत्महत्या का प्रयास, हालत गंभीर
जमुई इंजीनियरिंग कॉलेज के फर्स्ट ईयर के छात्र अनिकेत कुमार ने हॉस्टल में आत्महत्या का प्रयास किया। वह पढ़ाई में तेज था, लेकिन हाल ही में परीक्षा में खराब प्रदर्शन के कारण तनाव में था। दोस्तों ने उसे खून में लथपथ पाया और अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत गंभीर है और जांच जारी है।
जमुई, निज संवाददाता। जमुई इंजीनियरिंग कॉलेज में गुरूवार की देर रात एक दर्दनाक घटना घट गई। कॉलेज के फर्स्ट ईयर के मेधावी छात्र अनिकेत कुमार (20 वर्ष), पिता अशोक कुमार सिंह, निवासी रोहतास ने हॉस्टल में चाकू से अपना गला काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। जानकारी के मुताबिक, अनिकेत पढ़ाई में तेज और हमेशा टॉप करने की कोशिश करने वाला छात्र था। हाल ही में हुई परीक्षा में उसका एक पेपर काफी खराब गया था, जिसके बाद से वह तनाव में था और दोस्तों से भी कम बातचीत कर रहा था। देर रात जब साथियों ने उसके कमरे में जाकर देखा तो वह खून से लथपथ अवस्था में मिला।

तुरंत उसे जमुई सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। सदर अस्पताल के डॉक्टर मृत्युंजय कुमार पंडित ने बताया कि छात्र को देर रात उसके साथी इलाज के लिए लेकर आए थे। उसका गला कटा हुआ था। प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर स्थिति के कारण तुरंत पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। कॉलेज प्रशासन ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है। हॉस्टल और कॉलेज परिसर में घटनास्थल के बाद से तनाव और सदमे का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अनिकेत की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




