जमुई। नए साल के पहले दिन कोई अप्रिय घटना न हो, विधि व्यवस्था बनी रहे इसके कारण पुलिस शुक्रवार को काफी सक्रिय रही। जमुई शहर में लगातार पुलिस गश्त लगायी जा रही थी वहीं कई चौक-चौराहों पर पुलिस के जवान तैनात दिखे। आने जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही थी। संदेह के आधार पर कई वाहनों की तलाशी भी ली जा रही थी। खासकर झारखंड से आने वाले वाहनों पर अधिक नजर रखी जा रही थी। यहां बता दें कि झारखंड से ही शराब का कारोबार होता है जिसके कारण झारखंड की ओर से आने वाले अधिकांश वाहनों की जांच जवान कर रहे थे।
हालांकि आम दिनों की अपेक्षा वाहनों का परिचालन काफी कम देखने को मिला। वहीं स्थानीय शहर के अलावा पिकनिक स्पॉटों पर भी सुरक्षा को लेकर जवान तैनात थे। खासकर भीमबांध, सिमुलतला, लछुआड़, महादेव सिमरिया, पतनेश्वर, गिद्वेश्वर समेत कई पिकनिक स्पॉटो ंपर जवान चौकसी बरत रहे थे। वरीय अधिकारी लगातार विधि-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। नए साल के पहले दिन विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पहले से ही अलर्ट जारी किया गया है। सभी थानाध्यक्षों को पहले ही अपने-अपने क्षेत्रों मे विशेष चौकसी बरतने का निर्देश दिया गया था। एसपी के निर्देश पर चकाई, सिकंदरा, झाझा समेत अन्य थानों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में चौकसी बरत रही थी।