बांका के पूर्व सांसद सह पूर्व मंत्री स्व.दिग्विजय सिंह की पुत्री श्रेयसी सिंह के भाजपा में शामिल होने के साथ ही जिले की राजनीति गरमा गई है। राष्ट्रमंडल खेल में गोल्ड मेडल जीतने वाले श्रेयसी सिंह के भाजपा में शामिल होने पर उनकी मां और बांका के पूर्व सांसद पुतुल कुमारी ने कहा कि श्रेयसी परिपक्व है। उसने जो फैसला लिया है वह बिल्कुल सही है। उन्होंने यह भी कहा कि श्रेयसी बिहार की बेटी है। उसने बिहार के विकास का सपना देखा है। पुतुल कुमारी ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि आसन्न विधानसभा चुनाव में वह प्रत्याशी होगी। वह कहां से चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी जो फैसला लेगी उसे मंजूर होगा। उन्होंने कहा कि राजनीति का यह प्लेटफार्म है। अब आगे जाना उसकी प्रतिभा पर निर्भर करता है। समाज सेवा से काफी जुड़ी हुई है। उसके फैसले से हम और हमारा पूरा परिवार खुश है। इधर श्रेयसी के भाजपा में शामिल होने के बाद शहर में दिन भर चर्चाओं का दौर चलता रहा। कभी उनके बांका के अमरपुर से तो कभी जमुई से चुनाव लड़ने की अटकलें लगती रही। वहीं उनके समर्थकों में खुशी की लहर है।
अगली स्टोरी