Jamui News: बन जाता अंडरपास या फ्लाईओवर तो आसान होता सफर
Jamui News: बन जाता अंडरपास या फ्लाईओवर तो आसान होता सफर बन जाता अंडरपास या फ्लाईओवर तो आसान होता सफर बन जाता अंडरपास या फ्लाईओवर तो आसान होता सफर

Jamui News: जमुई । एक प्रतिनिधि दिल्ली-हावड़ा मुख्य रेलखंड पर अवस्थित जमुई रेलवे स्टेशन का रेलवे फाटक (मलयपुर) आज यहां के लोगों के लिए एक गंभीर समस्या बन चुकी है। एनएच 333 पर स्थित होने के कारण इस रास्ते मुंगेर, बांका, भागलपुर, खगड़िया जिला की ओर जाने वाले दर्जनों ट्रक, बस, छोटी वाहनों एवं सैकड़ों की संख्या में मोटरसाइकिल का नित्य गुजरना होता है। इसके साथ ही मलयपुर, बरहट, टेंगहरा, भलुका, नूमर, पांडो मटिया,लक्षमीपुर सहित दर्जनों गांव तथा रेल से उतरने वाले हजारों लोग जिला मुख्यालय तथा अपने गंतव्य इस रास्ते गुजरते हैं। इतना ही नहीं सुबह-सुबह सैकड़ों की संख्या में स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा एवं कामकाजी लोग इस रास्ते स्कूल, अस्पताल तथा आफिस के लिए जमुई शहर आते जाते हैं। किंतु काम के वास्ते इस रास्ते आने-जाने वाले प्राय: इस रेलवे फाटक पर घंटों जाम में फंसे रहते हैं। दरअसल लगातार अप-डाउन ट्रेनों एवं मालगाड़ी गुजरने के कारण यह फाटक बार-बार बंद होता है, जिससे जनजीवन ठहर सा जाता है। स्थानीय लोगों की मांग है कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकालते हुए यहां एक अंडरपास या ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाए.
सुबह-सुबह स्कूली बच्चों को होती है परेशानी :
रेलवे फाटक के पास अंडरपास या ओवरब्रिज का नहीं होना स्थानीय ग्रामीणों के लिए एक गंभीर समस्या बन चुकी है। चूंकि यहां रेलवे लाइन गांव के बीच से गुजरती है जिस कारण गांव दो भाग में बंट चुका है। रेलवे लाइन के एक छोर पर अस्पताल, प्रखंड मुख्यालय, पुलिस लाइन, सीआरपीएफ कैंप, बीएमपी कैंप है तो दूसरी दिशा में मलयपुर थाना, अग्निशमन, बालिका विद्यालय सहित सदर अस्पताल, सिविल कोर्ट, शहर का सभी निजी विद्यालय एवं स्कूल कालेज है। सबसे ज्यादा परेशानी सुबह-सुबह शहर की ओर जाने वाले स्कूली बच्चों को होती है। सुबह दर्जनों की संख्या में ट्रेन है जिस कारण रेलवे फाटक हमेशा बंद रहता है। उस स्थिति में बच्चों को स्कूल जाने के लिए कम से कम एक घंटा पहले निकलना होता है जबकि जमुई शहर की दूरी मात्र 10 मिनट का है। छोटे-छोटे बच्चे जब सुबह-शाम इस फाटक के पास जाम में फंसते हैं तो उनकी मजबूरी एवं अभिभावकों की विवशता को समझा जा सकता है। उसी तरह प्रसव पीड़िता जब रेलवे फाटक के पास जाम में फंसती है तो उनकी परेशानी का अंदाजा आप लगा सकते हैं.
स्थानीय ग्रामीणों की मांग :
स्थानीय ग्रामीण यहां वर्षों से एक अंडरपास या ओवरब्रिज बनाए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता इस समस्या को और भी जटिल बना रही है.
गर्मी में धूप व बरसात में भिगते खड़े रहने को मजबूर लोग ग्रामीण बिट्टू सिंह, अमित सिंह, दिनेश यादव, गोलू कुमार,चंदन गुप्ता, रंजीत शर्मा, ललन सिंह सहित दर्जनों लोग कहते हैं कि दर्जनों गांवों के लगभग एक लाख से अधिक आबादी इस रेलवे क्रॉसिंग पर निर्भर है, लेकिन यह अत्यंत महत्वपूर्ण रास्ता रेलवे की मुख्य लाइन पर होने के कारण अब मुसीबत बन चुका है। यहां सबसे ज्यादा तकलीफ भीषण गर्मी में धूप में तथा बरसात के मौसम में भिंगते घंटों खड़ा होने से होता है। चूंकि मुख्य रेलखंड पर अवस्थित होने के कारण इस रास्ते अप और डाउन ट्रेनों का अत्यधिक परिचालन होता है। नतीजतन हर पांच से सात मिनट पर फाटक बंद कर दिया जाता है, और कभी-कभी एक ही समय में तीन-तीन, चार-चार ट्रेनें गुजरती हैं, जिससे यह फाटक आधे घंटे से 45 मिनट तक बंद रहता है। इसके साथ ही रेलवे यार्ड होने के कारण भी यहां नित्य मालगाड़ी का संटिग किया जाता है जिस कारण आम लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अत्यधिक परेशानी होती है। उस स्थिति में स्कूल बस या टेंपू में बैठे छोटे-छोटे बच्चे एवं कामकाजी की स्थिति क्या होगी अंदाजा लगाया जा सकता है.
रेलवे लाइन पार कर बच्चियां जाती है स्कूल :
रेलवे लाइन के कारण गांव दो भाग में बंट चुका है। रेलवे लाइन के एक भाग में बालिका विद्यालय मलयपुर तथा परियोजना कामिनी उच्च विद्यालय मलयपुर है। लगातार रेलवे फाटक बंद रहने के कारण प्रतिदिन दर्जनों की संख्या में छात्राएं रेलवे लाइन होकर अपने अपने विद्यालय जाती है। इस स्थिति में कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है.


