
जमुई में श्रेयसी सिंह के समर्थन में स्मृति ईरानी और अश्विनी चौबे का रोड शो
संक्षेप: जमुई विधानसभा में रविवार को भाजपा की विधायक श्रेयसी सिंह के समर्थन में स्मृति ईरानी और अश्विनी चौबे ने भव्य रोड शो किया। यह रोड शो लगभग 7 किलोमीटर लंबा था, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था और कार्यक्रम में सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
जमुई, नगर संवाददाता जमुई विधानसभा में रविवार का दिन सियासी गर्मी से भरा रहा। एनडीए समर्थित भाजपा की वर्तमान विधायक और प्रत्याशी श्रेयसी सिंह के समर्थन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी तथा पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने भव्य रोड शो किया। लगभग 7 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में हजारों स्थानीय लोग शामिल हुए और कई स्थानों पर नेताओं पर फूल बरसाकर स्वागत किया गया। रोड शो में कई भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक सुरक्षा व्यवस्था के बीच शामिल रहे। रोड शो की शुरुआत कटौना पेट्रोल पंप से हुई जहां भारी संख्या में लोग मंत्रियों को देखने के लिए सड़क किनारे पहले से मौजूद थे।

इसके बाद पूरा काफिला खैरमा, कचहरी रोड, महाराजगंज और शहर के मुख्य बाजार क्षेत्रों से गुजरता हुआ आगे बढ़ा। पूरे मार्ग में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। समर्थकों की भीड़ लगातार नारेबाजी करती रही और माहौल चुनावी रंग में डूब गया। रोड शो का समापन भाजपा कार्यालय शिल्पा विवाह भवन में किया गया जहां स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मंत्रियों का स्वागत किया। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई थी। भीड़ को नियंत्रित करने और रोड शो को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पुलिस जवान लगातार मार्गदर्शन करते रहे। इधर जमुई में इस बड़े कार्यक्रम से भाजपा ने चुनावी शक्ति प्रदर्शन किया है जिससे विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक तापमान और बढ़ गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




