
पचास प्रतिशत बच्चों का ही अभी तक बन पाया है अपार आई डी
झाझा में नई शिक्षा नीति 2020 के तहत स्कूली बच्चों के लिए अपार आईडी बनाने का कार्य चल रहा है। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी छात्रों का अपार कार्ड बनाने का निर्देश दिया है। हालांकि, कई विद्यालयों में अभी तक 50% छात्रों का अपार कार्ड नहीं बना है, जिससे बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
झाझा । निज प्रतिनिधि नई शिक्षा नीति 2020 के तहत स्कूली बच्चों का अपार आईडी बनाया जा रहा है, जिससे छात्रों की पूरी शिक्षा यात्रा ट्रैक करने में आसानी हो सके। कई विद्यालयों की ओर से अपार आईडी बनाने में लापरवाही बरती जा रही है। इस संबंध में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक ने पत्र लिख कर शत प्रतिशत बच्चों का अपार कार्ड बनाने का निर्देश जारी किया है। पत्र में कहा गया है कि हर हाल में कक्षा एक से लेकर बारहवीं तक के छात्रों का अपार आईडी बना लें। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों के बीईओ और प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी किया है।

निर्देशों का अक्षरश: अनुपालन करते हुए निर्धारित समयावधि में बच्चों का अपार आईडी बनाने को कहा गया है। बता दें कि अभी झाझा प्रखंड में लगभग पचास प्रतिशत बच्चों का अपार कार्ड नहीं बन सका है। कई अड़चनों के कारण स्कूलों के एचएम को अपार कार्ड बनाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अपार कार्ड बनाने के लिए बच्चों का आधार कार्ड होना जरूरी है, जबकि बहुत से विद्यार्थियों का अभी तक आधार कार्ड ही नहीं बना है। इसके अलावे बच्चों के अभिभावक से अपार कार्ड बनाने के लिए सहमति लेना है। इस काम में भी स्कूल प्रधानों को विलंब का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से प्रखंड के सरकारी एवं निजी स्कूलों में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं का अपार बनाना अनिवार्य किया गया है। पहली से 12 वीं कक्षा के विद्यार्थियों का हर हाल में अपार कार्ड बनाना है। इसकी मॉनिटरिंग करने की जिम्मेदारी बीईओ को दी गई है। अगर बच्चों का अपार कार्ड समय से नहीं बना तो बच्चे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


