
जमुई में चला बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान, अतिक्रमणकारियों में दिनभर हड़कंप
जमुई में चला बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान, अतिक्रमणकारियों में दिनभर हड़कंप जमुई में चला बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान, अतिक्रमणकारियों में
जमुई, नगर संवाददाता जमुई में बुधवार को जिला प्रशासन ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, जिससे पूरे शहर और प्रखंड क्षेत्रों में हड़कंप मच गया। सुबह से शुरू हुआ यह अभियान शाम तक जारी रहा। जिला मुख्यालय में कचहरी चौक से इसकी शुरुआत की गई, जो महाराजगंज, गांधी पुस्तकालय रोड होते हुए सब्जी मंडी तक पहुंचा। मुख्य बाजार क्षेत्रों से अवैध कब्जे हटाते हुए प्रशासन ने साफ चेतावनी दी कि यदि कोई दोबारा सरकारी जमीन पर कब्जा करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई डीएम श्री नवीन के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व एसडीओ सौरव कुमार ने किया, जबकि उनके साथ सीओ ललिता देवी, सिटी मैनेजर मो एहतेशाम हुसैन, नगर परिषद के कर्मी कुंदन कुमार गुप्ता, सागर कुमार और भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे।
अभियान के दौरान कई स्थानों पर दुकानदारों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी देखने को मिली, लेकिन प्रशासन अपने रुख पर अडिग रहा। अधिकारियों ने जेसीबी और बुलडोजर की मदद से सड़क, फुटपाथ और सरकारी भूमि पर बने अस्थायी ढ़ांचों को कुछ ही घंटों में ध्वस्त कर दिया। इस दौरान लोगों का भारी भीड़ सड़क पर मौजूद रही। कई लोग इस कार्रवाई का मोबाइल के जरिए वीडियो बनाने में मशगूल दिख रहे थे, तो कई लोगों ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए पहले छोटे-छोटे दुकानदारों के लिए रोजगार के लिए स्थायी जगह सुनश्चित करने की बात कर रहे थे। विदित हो कि जिला प्रशासन ने इस अभियान की तैयारी पहले से ही शुरू कर दी थी। एक सप्ताह पहले से शहर और विभिन्न प्रखंडों में माइकिंग कर चेतावनी दी जा रही थी कि सभी लोग स्वयं अपने अवैध अतिक्रमण हटा लें। कई व्यापारियों ने समय रहते अपनी दुकानें, ठेले और अस्थायी निर्माण हटा लिए थे, जबकि जहां निर्देशों का पालन नहीं हुआ, वहां सख्त कार्रवाई की गई। प्रशासन की इस व्यापक कार्रवाई ने जिले भर में चर्चा का माहौल बना दिया। अभियान के दौरान छोटे दुकानदार जैसे ठेला, खोमचा और झोपड़ी बनाकर दुकानें चलाने वाले नाराज नजर आए। उनका कहना था कि अतिक्रमण हटाना जरूरी है, लेकिन उन्हें वैकल्पिक जगह भी दी जानी चाहिए, ताकि उनकी रोजी-रोटी प्रभावित न हो। उन्होंने प्रशासन से वेंडर जोन बनाने की मांग की, जहां उन्हें व्यवस्थित रूप से जगह मिल सके। डीएम श्री नवीन ने पहले भी वेंडर जोन की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया था, जिससे छोटे दुकानदारों की आजीविका सुरक्षित रह सके। जिले में एक साथ चलाए गए इस अभियान ने अतिक्रमणकारियों में भय का माहौल पैदा किया है। मुख्य सड़कों पर यातायात सुगम बनाने, सार्वजनिक स्थलों को मुक्त कराने और शहर को व्यवस्थित रूप देने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह कदम उठाया है। स्थानीय लोगों ने भी आशा व्यक्त की कि ऐसे अभियान से शहर की स्थिति बेहतर होगी और आने वाले दिनों में अतिक्रमण पर पूर्ण विराम लग सकेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




