ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News बिहार जमुईशव रखकर चकाई सड़क को किया जाम

शव रखकर चकाई सड़क को किया जाम

चकाई थाना क्षेत्र के बेहरा गांव निवासी मानिकचंद मुर्मू की झारखंड के सीमावत्ती गुनियाथर पहाड़ी के पास पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में हुई मौत से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने बुधवार को चकाई चौक के पास सड़क...

शव रखकर चकाई सड़क को किया जाम
हिन्दुस्तान टीम,जमुईThu, 18 Apr 2019 12:14 AM
ऐप पर पढ़ें

चकाई थाना क्षेत्र के बेहरा गांव निवासी मानिकचंद मुर्मू की झारखंड के सीमावत्ती गुनियाथर पहाड़ी के पास पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में हुई मौत से आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने बुधवार को चकाई चौक के पास सड़क को जाम कर दिया।

जाम में शामिल परिजन एवं ग्रामीण घटना की निष्पक्ष जांच तथा मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी एवं मुआवजा दिये जाने की मांग कर रहे थे। परिजन बुधवार को दोपहर बाद गिरीडीह से मृतक का शव लेकर सीधे चकाई चौक पहुंचे और शव के साथ सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम कर दिये जाने से देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में बड़ी संख्या में बारातियों का वाहन भी फंसा रहा। सड़क जाम से यात्रियों एवं वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम में शामिल मृतक के भाई व चकाई भाग एक के जिलापार्षद रामलखन मुर्मू ने बताया कि भाई मृतक मानिकचंद पूरी तरह निर्दोष था। उसका नक्सल से कोई संबंध नहीं था। वह गांव में रहकर ही सेना, केन्द्रीय पुलिस एवं अन्य पुलिस की परीक्षा की तैयारी में कर रहा था। इसको लेकर कई परीक्षा में शामिल भी हुआ।

इसके अलावे वह घर में किराना की दुकान भी चलाता था। सोमवार की सुबह गुनियाथर के रास्ते वह झारखंड के बरजोडीह में संथाली आर्केष्ट्रा देखकर लौट रहा था। इसी दौरान गुनियाथर पहाड़ी के पास पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के क्रम में सुरक्षाबलों ने नक्सली के नाम पर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। जिलापार्षद ने बताया कि मृतक के परिवार में प्रेगनेंट पत्नी सुनीता हेम्ब्रम के अलावे एक 4 साल का बेटा है। उसकी मौत से पत्नी एवं बच्चे बेसहारा हो गये हैं। उन्होंने गुनियाथर में हुए मुठभेड़ की घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए उचित मुआवजा एवं बच्चे के परवरिश की व्यवस्था करने की मांग की। एसडीओ लखिन्द्र पासवान, एसडीपीओ भास्कर रंजन, सीओ अजीत कुमार झा, चकाई थानाध्यक्ष चंदेश्वर पासवान ने लोगों को समझा बुझाकर हटाया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें