बिजली नहीं, अंधेरे में यात्री
बरहट, जमुई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर लाइट न जलने से सैंकड़ों परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अंधेरे में रात बिताने को मजबूर परीक्षार्थियों ने रेलवे प्रशासन से रोशनी की...

बरहट, निज संवाददाता। जमुई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर लाइट नहीं जलने से शनिवार की रात केंद्रीय चयन परिषद की सिपाही भर्ती परीक्षा देने आए सैंकड़ों परीक्षार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षार्थियों की भारी भीड़ विभिन्न ट्रेनों से स्टेशन पर देर रात तक पहुंचती रही। प्लेटफार्म संख्या एक पर रोशनी थी लेकिन प्लेटफार्म दो पूरी तरह अंधेरे में डूबा रहा। स्टेशन के आसपास के होटल और लॉज फुल होने के कारण कई परीक्षार्थी बेडशीट और पॉलिथीन बिछाकर अंधेरे में प्लेटफार्म पर ही रात बिताने को मजबूर हो गए। रोहतास जिले के विक्रमगंज से आए परीक्षार्थी विजय कुमार ने बताया कि एक घंटे से लाइट नहीं जल रही है जिससे न सिर्फ पीने के पानी की दिक्कत हो रही है और आराम करना भी मुश्किल हो गया है।
सासाराम से आए आशीष कुमार ने कहा कि कल परीक्षा है और अंधेरे के कारण पढ़ाई नहीं हो पा रही है। परीक्षार्थियों ने रेलवे प्रशासन से तत्काल प्लेटफार्म संख्या दो पर रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की है। वहीं इस समस्या को लेकर जब विद्युत विभाग के कनीय अभियंता अरविंद कुमार विश्वकर्मा से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट किया कि प्लेटफार्म संख्या एक पर लाइट जल रही है इसलिए यह रेलवे की आंतरिक समस्या है बिजली विभाग की नहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




