
4.50 करोड़ की लागत से मॉडल रेलवे स्टेशन का विस्तार का काम शुरू
4.50 करोड़ की लागत से मॉडल रेलवे स्टेशन का विस्तार का काम शुरू 4.50 करोड़ की लागत से मॉडल रेलवे स्टेशन का विस्तार का काम शुरू
बरहट। निज संवाददाता मॉडल रेलवे स्टेशन जमुई पर यात्री सुविधाओं और माल ढुलाई व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने की दिशा में रेल विभाग ने एक बड़ी और अहम पहल की है। स्टेशन के बुनियादी ढांचे को आधुनिक स्वरूप देने को लेकर विभाग द्वारा 4.50 करोड़ रुपये की लागत की राशि स्वीकृत की गई है। वर्षों से लंबित मांगों और स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया है। जिसमे प्लेटफार्म, रेल लाइन, गुड्स वार्फ और अन्य आवश्यक ढ़ांचागत सुविधाओं के विस्तार से स्टेशन की कार्यक्षमता को बढ़ाया जाएगा। मालगाड़ी सेटिंग यार्ड और गुड्स वार्फ का होगा विस्तार रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस योजना के तहत दिल्ली एंड की ओर प्लेटफार्म संख्या-1 पर स्थित मालगाड़ी सेटिंग यार्ड का विस्तार किया जाएगा।
वहीं हावड़ा एंड की ओर प्लेटफार्म संख्या-2 की तरफ एक नया गुड्स वार्फ विकसित किया जाएगा। इसके साथ-साथ लगभग एक किलोमीटर लंबी नई रेल पटरी भी बिछाई जाएगी। जिससे मालगाड़ियों की आवाजाही और संचालन पहले से अधिक सुचारू हो सकेगा। निर्माण कार्य के पहले चरण में प्लेटफार्म संख्या दो की ओर आउटर सिग्नल के आगे भूमि चिन्हित कर मिट्टी भराई का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। एक किलोमीटर नई रेल लाइन से बढ़ेगी परिचालन क्षमता प्लेटफार्म संख्या एक पर शटिंग नेक का निर्माण किया जाएगा। जबकि प्लेटफार्म संख्या दो पर आधुनिक गुड्स वार्फ तैयार होगा। यहीं मालगाड़ियों की सेटिंग के साथ पार्सल लोडिंग और अनलोडिंग की व्यवस्था की जाएगी। इस साइड भी एक अतिरिक्त रेल लाइन डाली जाएगी, जिससे ट्रैफिक प्रबंधन और अधिक बेहतर होगा। मजदूरों के लिए भी बेहतर सुविधाएं रेल विभाग ने विस्तार योजना में केवल ढ़ांचागत विकास ही नहीं बल्कि सेटिंग यार्ड में कार्यरत मजदूरों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा है। यहां वेटिंग हॉल, शौचालय, पेयजल, शेड सहित सभी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे भीषण गर्मी, ठंड या बारिश में काम करने वाले श्रमिकों को राहत मिलेगी। रेलवे गेट पर जाम से मिलेगी राहत वर्तमान में प्लेटफार्म संख्या एक पर स्थित सेटिंग यार्ड में मालगाड़ियों की आवाजाही के दौरान रेलवे क्रॉसिंग गेट को 40 से 45 मिनट तक बंद रखना पड़ता है। इस कारण दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों, सरकारी कर्मचारियों और दैनिक यात्रियों को होती है। जिन्हें समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्लेटफार्म संख्या एक पर शटिंग नेक और प्लेटफार्म संख्या दो पर गुड्स वार्फ के संचालन से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। कहते हैं स्टेशन प्रबंधक इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक नीतीश कुमार ने बताया कि जमुई रेलवे स्टेशन पर विस्तार कार्य शुरू हो चुका है। गुड्स वार्फ और शटिंग नेक निर्माण को लेकर मिट्टी भराई का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन की सुविधाएं बढ़ेंगी और आम लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




