Jamui News: श्रीकृष्णा सिंह स्टेडियम में दुर्गा पूजा के लिए पंडाल निर्माण को ले किया भूमि पूजन
Jamui News: जमुई में शारदीय दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू हो गई है। वीर कुंवर सिंह दुर्गा पूजा सेवा समिति ने शुक्रवार को भूमि पूजन किया। पंडाल निर्माण के लिए पंडित कृष्णकांत आचार्य ने पूजा अर्चना कराई। समिति के सदस्यों ने पंडाल निर्माण की नींव रखी, जो कि 1992 से भव्य तरीके से आयोजित किया जा रहा है।

Jamui News: जमुई । निज प्रतिनिधि आगामी शारदीय दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू हो गई है। शुक्रवार को स्थानीय श्रीकृष्णा सिंह मेमोरियल स्टेडियम परिसर स्थित दुर्गा मंदिर में वीर कुंवर सिंह दुर्गा पूजा सेवा समिति की ओर से पंडाल निर्माण एवं प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन किया गया। इस मौके पर पूजा समिति के पंडित कृष्णकांत आचार्य उर्फ शिरोमणि झा ने विधि विधान व वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यजमान सह समिति के सचिव रवि कुमार सिंह के हाथों पूजा अर्चना कराया। वीर कुंवर सिंह दुर्गा पूजा सेवा समिति के सदस्यों ने बांस को खड़ा कर पंडाल निर्माण की नींव रख प्रसाद वितरण किया।
इस अवसर पर आचार्य कृष्णकांत झा ने बताया कि आज के दिन शुभ योग में भूमि पूजन कर पंडाल निर्माण की नींव रखी गई है । वहीं वीर कुंवर सिंह पूजा सेवा समिति के अध्यक्ष अरविद कुमार सिंह उर्फ गब्बर सिंह, सचिव रवि सिंह ने बताया कि वीर कुंवर सिंह दुर्गा पूजा सेवा समिति के और से स्टेडियम परिसर में वर्ष 1992 से आदि शक्ति मां भगवती दुर्गा देवी की पूजा-अर्चना भव्य तरीके से करते आ रहे हैं। स्टेडियम परिसर में पंडाल निर्माण कर मेला का आयोजन भी किया जाता है। सचिव रवि सिंह ने बताया कि पंडाल निर्माण करने की जिम्मेवारी शिल्पा टेंट हाउस जमुई को दिया गया है। उनके कुशल कारीगरों के कारीगरी से पंडाल को भव्य स्वरूप दिया जाएगा। भूमि पूजन के अवसर पर पूजा समिति के आनंद प्रकाश सिंह, पप्पू सिंह ,बंटी सिंह, संजीव सिंह, संतोष सिंह, दिलीप सिंह, विनोद सिंह, जितेंद्र सिंह, गुड्डू सिंह सहित दर्जनों पूजा समिति के सदस्य मौजूद थे।


