प्रखंड के विनोबा भावे पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का आयोजन
गिद्धौर के विनोबा भावे पब्लिक स्कूल में वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। विद्यालय निदेशक ने शैक्षणिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह का समापन आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

गिद्धौर, निज संवाददाता प्रखंड के विनोबा भावे पब्लिक स्कूल में वार्षिक समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमुई विद्यायक एवं बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने भाग लिया। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय निदेशक विश्वास कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद संबंधी उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है। वहीं मुख्य अतिथि खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
अति विशिष्ट अतिथि शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर बल दिया। इधर कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम नृत्य, गीत, नाटक एवं देशभक्ति प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्राचार्य अभय कुमार पांडेय ने धन्यवाद संबोधन में मुख्य अतिथि, अति विशिष्ट अतिथि, अभिभावकों एवं समस्त विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन उत्साह, उमंग और प्रेरणा के साथ हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




