Jamui Viral Video Case Highlights: जमुई कांड के मुख्य आरोपी का हाफ एनकाउंटर, वीडियो वायरल करने वाला भी गिरफ्तार
Jamui Viral Video Case Highlights: बिहार के जमुई में लड़की से सरेआम छेड़खानी करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया। एक अन्य आरोपी हरेराम को भी पुलिस ने पकड़ा है। इसके अलावा अश्लील हरकत करते वीडियो अपलोड करने वाले रामाशीष चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है।

Jamui Viral Video Case Highlights: बिहार के जमुई कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने लड़की से बदसलूकी के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर कर दिया है। पुलिस ने आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली मार दी है। एक अन्य आरोपी के पैर टूटने की भी खबर है। पुलिस ने इस कांड के आरोपियों को पकड़ने के लिए SIT बनाई थी। नंदन यादव समेत अन्य आरोपी फरार चल रहे थे औऱ पुलिस को इनकी तलाश थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान नंदन यादव से पुलिस की मुठभेड़ हो गई औऱ पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी है। यह कहा जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले के सभी आरोपियों को अब पकड़ लिया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नंदन यादव ने पहले पुलिस पर गोली चलाई थी। जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और जवाब में गोली चलाई जो नंदन यादव के पैर में लगी है। इस मामले पर विपक्षी दल आरजेडी और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है।
Jamui Viral Video Case Highlights:
08:00 PM Jamui Viral Video Case LIVE: जदयू विधायक अनंत सिंह ने जमुई कांड पर कहा कि ऐसा जो करता है उसे एक ही दिन में मार देना चाहिए। ऐसा राक्षस व्यक्ति जहां रहे वहां मार देना चाहिए। एनकाउंटर जरूरी था। जो रेप करेंगे उनका मर्डर होगा, इन्हें रोज मारना चाहिए। पूरी खबर पढ़ें।
07:20 PM Jamui Viral Video Case LIVE: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में एक कार्यक्रम को दौरान बोलते हुए कहा कि अपराधी सिर्फ अपराधी होता है। अपराधी की कोई जाति नहीं होती है। जो अपराधी पुलिस को चुनौती देंगे, उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। सीएम के इस बयान को जमुई कांड के आरोपी के हाफ एनकाउंटर से जोड़कर देखा जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें
06.54 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई में हवसी भीड़ द्वारा लड़की से सड़क पर छेड़खानी का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने के आरोप में रामाशीष चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने इसकी पुष्टि की। बताया जा रहा है कि उसी ने वीडियो अपलोड किया था, जिसके बाद वो वायरल हो गया।
06.20 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई जिले में जिस जगह नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी वाला कांड हुआ, वो इलाका शाम के बाद सुनसान हो जाता है। मड़वा पहाड़ी की ओर जाने वाली सड़क पर अंधेरा होते मनचले ताक में बैठे रहते हैं। स्थानीय लोगों ने दबी जुबान बताया कि पहले भी यहां ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन लोकलाज के डर से मामला थाने तक नहीं पहुंचा। इसके बावजूद पुलिस की चौकसी और पेट्रोलिंग ना होने से गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें
05.15 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन और हरेराम यादव को सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। मुंगेर क्षेत्र के डीआईजी राकेश कुमार ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उसके आधार पर कुछ और लोगों को पकड़ा जा सकता है। वायरल वीडियो से यह स्पष्ट नहीं था कि घटना में कितने लोग शामिल थे। हालांकि, यह कहा जा सकता है कि मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया गया है। उन्होंने बताया कि छात्रा से छेड़खानी करने वाले समूह का नेतृत्व हरेराम ही कर रहा था। वायरल वीडियो में भी वह अपने चेहरे पर गमछा बांधे नजर आया था।
04.31 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: पटना में कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएम का पुतला फूंका
जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट की घटना के विरोध में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज पटना में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कारगिल चौक पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके बयान के आधार पर नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए तुरंत इस्तीफा देने की मांग की।
03.53 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई कांड का वीडियो वायरल करने वालों पर भी सख्त ऐक्शन होगा
डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने जमुई की घटना को घृणित अपराध बताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। सरकार ने इस मामले में तत्परता और पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई की है। पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें कठोरतम सजा का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि घटना में अलग-अलग स्तर पर जिन लोगों की भूमिका रही है, चाहे घटना को अंजाम देने वाले हों, वीडियो बनाने वाले हों या उसे वायरल करने वाले, सभी के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
03.38 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई कांड में कांग्रेस ने 8 सदस्यीय जांच कमेटी बनाई
जमुई में स्कूली छात्रा के साथ हुए दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न की घटना को गंभीरता से लेते हुए बिहार कांग्रेस ने घटना की स्थलीय जांच तथा पीड़िता एवं उसके परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों की एक उच्चस्तरीय कमिटी का गठन किया है। आठ सदस्यीय इस कमिटी में मिन्नत रहमानी, पंकज यादव, प्रो. (डॉ.) कुमारी अनिता, डॉ. गौरव सिंह, जीतेन्द्र नाथ पटेल, पूनम यादव, सूरज यादव और मेनका कुमारी शामिल की गई हैं। यह उच्चस्तरीय कमिटी 23 सितंबर को जमुई पहुंचकर घटना की स्थलीय जांच करेगी तथा पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर घटना से संबंधित तथ्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करेगी। जांच कमिटी स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से भी मुलाकात करेगी और मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी।
02.55 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि जमुई की घटना से पूरे देश में बिहार की थू-थू हो रही है। राज्य में महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
14.17 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: पुलिस से बच कर भाग रहा था नंदन यादव
जमुई हैवानियत मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई थी। इस दौरान नंदन यादव के पैर में गोली लगी। बिहार के ADG लॉ एंड ऑर्डर के सुहिता अनुपम ने बताया कि नंदन यादव पुलिस से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई और उसके पैर में गोली लगी। ADG के मुताबिक, इस मामले में कुछ आरोपी नाबालिग भी थे।
14.13 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने जमुई छेड़छाड़ मामले पर कांग्रेस के प्रदर्श को लेकर कहा कि कांग्रेस ने जहां-जहां शासन किया, उसका इतिहास निकालकर देखना चाहिए। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस के जमाने में सिर्फ चोरी, लूट और हिंसा हुई। यह दुखद घटना है और बिहार सरकार उसपर कार्रवाई जरूर करेगी और दोषियों को दंडित किया जाएगा।
14.10 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई नाबालिग उत्पीड़न मामले पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, "भयानक घटना है। एक छोटी बच्ची के साथ जिस तरह का अपराध किया गया और अब जिस तरह से वीडियो जारी किया गया है ये दिखाता है कि समाज में सरकार का कही न कही डर ही खत्म हो गया है....."
14.09 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: यह भयाकन घटना है प्रियंका गांधी
जमुई नाबालिग उत्पीड़न मामले पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "यह भयानक घटना है...महिलाओं के खिलाफ़ अपराध बढ़ रहे हैं और उनके लिए माहौल असुरक्षित हो गया है। यह पहले भी असुरक्षित था, लेकिन अब महिलाओं के प्रति हिंसा और ज़्यादा बढ़ गई है और मुझे लगता है कि अगर हम सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा ही पक्की नहीं कर सकते, तो बड़ी-बड़ी योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में बात करने का कोई फ़ायदा नहीं है। तो यह वास्तव में एक ऐसी बात है जिस पर हम सभी को खासकर राज्य सरकारों और केंद्र सरकार को सोचने की ज़रूरत है। उन्हें इस बात पर विचार करना होगा कि वे यह कैसे सुनिश्चित करेंगे कि महिलाएं सुरक्षित महसूस करें"
14.08 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई के कुंदर बराज के पास पुलिस ने यह एनकाउंटर किया है। नंदन यादव को मुठभेड़ में पुलिस ने गोली मार दी। भागने के दौरान इस हैवानियत के दूसरे आरोपी हरेराम का पैर टूट गया। नंदन यादव के बारे में कहा जा रहा है कि यह वहीं शख्स है जिसने हैवानियत के वक्त चेहरे को गमछे से ढक रखा था।
14.00 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: दोषियों की दी जाएगी कड़ी सजा- विजय चौधरी
बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जमुई की घटना बेहद घृणित है और इसमें शामिल दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने मामले में तत्काल और सख्त कार्रवाई की है। मामले में POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है और मुख्य आरोपी के साथ-साथ वीडियो बनाने, उसे शूट करने तथा सोशल मीडिया पर वायरल करने में शामिल लोगों की भी पहचान की जा रही है।
13.57 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि एनकाउंटर के बाद अब एफएसएल की टीम ने भी अपनी जांच की है। कुल सात आरोपियों को पकड़ा गया है। इनमें से तीन आरोपियों को एक दिन पहले ही पकड़ लिया गया था। मुख्य आरोपी नंदन यादव को पकड़ने के बाद अब कुल सात आऱोपियों को पकड़ लिया गया है। एनकाउंटर में नंदन यादव को पकड़ने के बाद एसपी ने कहा कि नंदन यादव से पूछताछ होगी और इस वायरल वीडियो में जो कुछ अन्य लोग नजर आ रहे हैं उनके बारे में भी जानकारी जुटा
13.51 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) के सुहिला अनुपम ने कहा कि इस मामले के छह आरोपियों में से तीन नाबालिग हैं। एडीजी ने कहा कि इन सभी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा।बता दें कि इस मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी ने आज जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन भी किया था।
13.49 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई में उत्पीड़न के मामले पर राजद नेता मनोज कुमार झा ने कहा, "कल से क्या बयान चल रहा है...वो वीडियो कोई नहीं देख सकता है...सरकार नंबर से नहीं संवेदना से चलती है। मैं पटना में था मैंने लोगों के बयान देखें...आप चुनाव जीत गए तो क्या आपको हक है कि कोई भी संवेदनशील बयान दें....क्या हो गया है आपको?
13.46 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
छात्रा से जुड़े इस मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। सात नामजद आरोपियों में से तीन की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी थी। अब मुख्य आरोपी बताए जा रहे नंदन यादव के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद मामले की जांच और आगे बढ़ गई है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही, मुठभेड़ के दौरान हुई पूरी कार्रवाई और पुलिस के दावे से जुड़े तथ्यों की भी प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी।
13.37 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: इस कांड के आरोपियों को पुलिस द्वारा अस्पताल लाए जाने का भी वीडियो सामने आय़ा है। वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी के चेहरे पर गमछा बंधा है। पुलिसवालों ने घायर आरोपी को कंधे पर सहारा दिया है और उन्हें अस्पताल लाया जा रहा है।
13.31 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: बताया जा रहा है कि नंदन यादव और उसका साथी हरे राम यादव पुलिस को देख कर भागने लगे। लेकिन पहले से ही पूरी तैयारी में पहुंची पुलिस ने नंदन यादव को दौड़ा दिया। घबराए नंदन यादव के साथ इस दौरान पुलिस की मुठभेड़ हो गई और पुलिस ने आत्मरक्षा में नंदन यादव के पैर में गोली मार दी।
13.26 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: बिहार सरकार के मंत्री मोहम्मद ज़मा खान ने जमुई छेड़छाड़ मामले पर कहा कि हम चाहते हैं कि बिहार में न्याय हो...जो भी लोग अत्याचार, अन्याय करेंगे, सरकार हमेशा ऐसे लोगों का विरोध करेगी।
13.24 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: 19 सितंबर को हैवानियत 22 को एनकाउंटर
बिहार के जमुई जिले में लड़का और लड़की के साथ जिन लोगों ने हैवानियत की वारदात को अंजाम दिया था पुलिस ने जल्द ही उनका हिसाब कर दिया। 19 सितंबर को यहां एक लड़का-लड़की से बदसलूकी की वारदात हुई थी और फिर इसका वीडियो वायरल हो गया था। पुलिस ने 22 सिंतबर को इस घटना के मुख्य आरोपी नंदन यादव को गोली मार दी। पैर में गोली लगने के बाद नंदन यादव लंगड़ा बन गया है और पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल में लेकर गई। इसी दौरान इस कांड के एक और आरोपी हरेराम यादव का पैर टूट गया है।
13.20 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई कांड में एनकाउंटर के बाद जीतन राम मांझी ने तेजस्वी पर कसा तंज
जमुई में छात्रा से छेड़छाड़ मामले पर पुलिस की कार्रवाई के बाद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने कहा कि हम बोलते नहीं करके दिखलाते हैं। जमुई वाले मामले की जानकारी तो सबको लग ही गई होगी। पर इसमें हम आपको लेटेस्ट जानकारी दे देतें हैं। तेजस्वी जी कहते रहे हैं ना कि बिहार-यूपी का हर यादव उनका भाई है।
तो उन्हीं भाईयों में से कुछ भाईयों ने जमुई में लड़की छेड़कर विडियो बनाया था ताकि हमारी सरकार को बदनाम किया जा सके। उन्होंने कहा कि अब तेजस्वी यादव कहेंगे “देखिए ना सम्राट चौधरी ने मेरे भाई को ठोकवा दिया।” मैं अभी भी कहूंगा तेजस्वी जी अपने भाईयों को सचेत कर दिजिए,नहीं तो सम्राट की सरकार किसी को बख़्शने वाली नहीं है। “सम्राट का सुशासन” है भाई।
13.19 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: ADG ने स्पीडी ट्रायल की कही है बात
मामले में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर केएस अनुपम ने स्पीडी ट्रायल की बात भी कही है। अश्लील वीडियो प्रसारित करने वाले 120 से ज्यादा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
13.06 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: गमछा वाला ही नंदन यादव
छात्रा से छेड़खानी के मामले में सबसे आगे नंदन यादव का ही नाम था। कहा जा रहा है कि वीडियो में एक शख्स गमछा पहने नजर आ रहा है और वो ही शख्स नंदन यादव है। नंदन यादव ने लड़की के साथ सबसे ज्यादा बदसलूकी की थी।
13.05 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: एक आरोपी हरे राम का टूटा पैर
बताया जा रहा है कि इस मुठभेड़ के दौरान जिस आऱोपी का पैर टूटा है उसका नाम हरे राम है। पुलिस ने मुठभेड़ में घायल नंदन यादव और हरे राम को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती करवाया है।
12.50 PM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। एडीजी (विधि व्यवस्था) केएस अनुपम ने बताया कि सात-आठ लड़कों की पहचान की गयी है। तीन विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। दो अन्य की पहचान हो गयी है। शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
11.40 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जमुई की घटना से लोग मर्माहत हैं और इस मामले में सरकार एवं प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में कानून का राज स्थापित किया है और उसी नीति पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में एनडीए सरकार काम कर रही है। ऐसी कृत्य करने वालों के खिलाफ पूर्व में भी कार्रवाई हुई है और इस मामले में भी ऐसे तत्वों पर सरकार कठोर कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा खजाना खाली होने का आरोप पूरी तरह बेबुनियाद है। विपक्ष के नेता केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए अनर्गल आरोप लगाते हैं। सरकार बाढ़़ पीड़ितों के राहत एवं बचाव के लिए निरंतर काम कर रही है।
11.20 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बिहार के जमुई में एक लड़के और लड़की के कथित उत्पीड़न की घटना को सोमवार को ''दिल दहला देने वाली'' बताया और दावा लगाया कि जिन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में है, वहां ''वह अन्याय का साधन'' बन जाती है। ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''बिहार का वीडियो दिल दहला देने वाला है। स्तब्ध करने वाला है और सच कहूं तो इससे मुझे बहुत, बहुत गुस्सा आया।'' उन्होंने कहा कि ''नैतिकता" के नाम पर कानून अपने हाथ में लेने वालों को पुलिस और कानून के तहत जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी समाज भीड़ को यह तय करने की अनुमति नहीं दे सकता कि ''कौन सम्मान का हकदार है, किसे आजादी मिलनी चाहिए या किसे सजा मिलनी चाहिए।''
10.47 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने जमुई की घटना को अत्यंत गंभीर और चिंताजनक बताते हुए कहा कि किसी बेटी के साथ दुर्व्यवहार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। श्री सुमन ने आज बयान जारी कर कहा कि पुलिस मुख्यालय ने तत्काल संज्ञान लेते हुए महिला एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है। आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू हो चुकी है और सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक वीडियो को टेकडाउन कराने की कार्रवाई भी की जा रही है।डॉ. सुमन ने कहा कि सरकार पूरी तरह संवेदनशील है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना उसकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन और कानून का राज है। घटना हुई है, यह दुखद है, लेकिन इस मामले में किसी दोषी को बचाने का सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी और विपक्ष के दूसरे नेता राजनीतिक बयान देने से पहले यह भी देखें कि पुलिस मुख्यालय ने कितनी तेजी से संज्ञान लिया है और एसआईटी का गठन किया गया है। निश्चिंत रहें, यह बिहार है,कानून अपना काम करेगा। दोषी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा और किसी निर्दोष को भी परेशान नहीं किया जाएगा।" उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष और त्वरित हो तथा दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
10.12 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई की घटना पर पूर्णिया के निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने कहा कि ये लोग कौन है? सवाल यह है कि लोगों में कानून का, संविधान का, सिस्टम का या समाज का डर क्यों नहीं है? ये डर खत्म कैसे हो गया। कभी बस में सामूहिक बलात्कार, औरंगाबाद में कार में बच्चियों से गैंगरेप की घटना हुई है। ये जो जमुई में हुआ। लगभग आधे घंटे तक अंदरुनी पार्ट को छेड़ना, नीचे छेड़ना। तुम होते कौन हो पूछने वाले कि तुम्हारे मां-बाप को खबर है कि नहीं और उसके बाद तुम 25 मिनट तक उन बच्चों के साथ बदतमीजी करते हो औऱ मारपीट करते हो। ये एक-दो लोग नहीं थे बल्कि 10-10 लोग थे।
9.59 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई की घटना ने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार के दावों पर खड़े किये सवाल : कुणाल
भारत की कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी-लेनिनवादी (भकपा-माले) के बिहार राज्य सचिव कुणाल ने जमुई में कोचिंग से अपने मित्र के साथ लौट रही नाबालिग छात्रा और उसके साथी छात्र के साथ सरेआम बदसलूकी एवं मारपीट की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस घटना ने राज्य में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं।श्री कुणाल ने आज यहां जारी बयान में कहा कि नाबालिग छात्रा को सड़क पर रोककर उसके साथ अभद्रता की गयी और उसके साथी छात्र के साथ मारपीट की गयी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं है, बल्कि राज्य में कानून के भय और प्रशासनिक जवाबदेही की स्थिति पर भी गंभीर प्रश्न खड़ा करती है। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल घटना के बाद गिरफ्तारी की जानकारी देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। सवाल यह है कि छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के सरकार के दावों के बावजूद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा केवल भाषणों और सरकारी दावों का विषय नहीं, बल्कि सड़क से लेकर शिक्षण संस्थानों तक ठोस सुरक्षा व्यवस्था और जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रश्न है।
9.50 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: बिहार में छात्रा और महिला सुरक्षित नहीं : तेजस्वी
जमुई जिला में छात्रा के साथ हुई छेड़खानी की घटना पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि जमुई की घटना बहुत ही दुखद है। आरोप लगाया कि बिहार में अराजक स्थिति है। यहां छात्रा और महिला सुरक्षित नहीं है। सड़क, घर, स्कूल या कॉलेज, कहीं लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। गुंडे और अपराधी दिन दहाड़े स्कूलों, कॉलेजों और घरों में घुस कर अपराध कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कोई दिन में फोटो खिंचाने भी जा रहा है, तो उसके साथ गलत व्यवहार हो रहा है। राज्य में अपराधी बेलगाम हैं। बिहार से इस प्रकार की तस्वीर आती है, तो हमलोग शर्मिदा हो जाते हैं। हत्या, लूट और अपहरण जैसी घटना हो रही है। बिहार में सूखा नशा बढ़ गया है। जब से यह सरकार बनी है, इस तरह की घटनाएं बढ़ गईं हैं। लॉ एंड आर्डर नाम की चीज नहीं रह गई है।
9.38 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई छेड़छाड़ में पॉक्सो के तहत हो कार्रवाई : राहुल
बिहार के जमुई में दो नाबालिग लड़के और लड़कियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने की घटना को लेकर कांग्रेस ने बिहार सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी ने इस मामले में दोषियों के खिलाफ पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज करने की मांग की। आखिर शाम सात बजे के बाद कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है। पार्टी ने इसे पितृसत्ता से भी जोड़कर पेश किया है। लोस में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि बिहार सरकार को जवाब देना चाहिए कि शाम सात बजे के बाद कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि जमुई में 10वीं कक्षा के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरन रोका गया और छात्रा का उत्पीड़न किया गया। राहुल गांधी ने कहा कि वायरल वीडियो में छात्रा हाथ जोड़कर उसे जाने देने की गुहार लगाती दिखाई देती है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग उसे कथित तौर पर गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे। उन्होंने कहा कि इन लोगों को ऐसी बदतमीजी करने का हक किसने दिया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह संस्कृति नहीं, बल्कि पितृसत्ता है।
9.38 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: जमुई कांड के वायरल वीडियो में दिख रहा है कि छात्रा को गंदे तरीके से छूते हुए मनचले उससे पूछते हैं- कहां घर है, नाम क्या है? लड़की उनके सवालों का जवाब देती है। इसके बाद कुछ युवक लड़की के निजी अंगों के साथ छेड़खानी करते हैं। और उसे सड़क पर घसीटते हैं। लड़की को काफी देर तक इसी तरह घसीटा जाता है। इस दौरान कुछ युवक उसे बचाने के लिए आगे आते हैं और लड़की को उनसे छुड़ाते हैं। थोड़ी देर बाद कुछ दूसरे युवक फिर लड़की को पकड़ लेते हैं।
इसके बाद दोबारा लड़की के साथ छेड़खानी और घसीटने का सिलसिला शुरू हो जाता है। वीडियो में बार-बार कुछ युवक लड़की को पकड़ते और कुछ उसे छुड़ाने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। एसपी ने बताया कि सड़क पर लड़का-लड़की के साथ छेड़खानी और दुर्व्यवहार से जुड़े वायरल वीडियो और घटना को लेकर नगर थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। जमुई पुलिस ने तीन लड़कों को पकड़ा है। इनकी उम्र 14 से 17 साल के बीच है।
9.32 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: पुलिस को मुख्य आरोपी की तलाश
पुलिस को मुख्य आरोपी की तलाश है। इस मामले में एसपी विश्वजीत दयाल के द्वारा एसडीपीओ दीप्ति मनाली के नेतृत्व में गठित एसआईटी मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में जुटी हुई है। जमुई की विधायक सह बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि जमुई के आला अधिकारियों से उनकी बात हुई है। इस मामले में उन्हें सख्त निर्देश दिया गया है। जल्द ही मुख्य आरोपियों के गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है। पुलिस प्रशासन कार्रवाई कर रही है।
9.29 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: क्या था मामला
जमुई शहर के कोचिंग में पढ़ने वाला एक नाबालिग छात्र अपनी सहपाठी छात्रा के साथ 19 सितंबर शनिवार की शाम स्कूटी से मड़वा पहाड़ी घूमने गया। वहां से लौटते समय रास्ते में छह मनचलों ने इन दोनों को घेर लिया। अंधेरी सड़क पर मनचलों ने छात्र को पहले तो पीटा फिर छात्रा से अभद्रता करने लगे। अश्लील हरकत से परेशान डरी-सहमी छात्रा उन दरिंदों के हाथ-पैर जोड़ती रही। मनचले खुलेआम उसके साथ अभद्र हरकत करते रहे। एक युवक ने तो बेहद घिनौने तरीके से उसे उठा लिया और आगे तक ले जाने लगा।
किसी तरह दोनों अपनी जान बचाकर उनके चंगुल से निकल सके। पीड़ित छात्रा के आंसू आज तक थम नहीं रहे। इस पूरे वाकये का किसी ने वीडियो बना लिया। 20 सितंबर की शाम से यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। रात में नेता विपक्ष ने इस मामले को लेकर ट्वीट किया। सोमवार सुबह प्रशासन हरकत में आया। वीडियो के आधार पर छात्रा को ढूंढ़ा गया। पता चला कि छात्र-छात्रा शहरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। एक ही कोचिंग में पढ़ते हैं। छात्रा के परिजनों से आवेदन लेकर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। डीएम ने बताया कि दोषियों को चिह्नित कर लिया गया है।
9.13 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: पॉक्सो एक्ट के तहत केस, तीन नाबालिग पकड़े गए
वीडियो से पुलिस ने सोमवार को छात्रा को ढूंढ़ा और परिजन ने पॉक्सो के तहत केस दर्ज कराया। एडीजी केएस अनुपम ने बताया कि 8 लड़कों की पहचान की गई है, जिनमें तीन नाबालिग पकड़े गए हैं। शेष की गिरफ्तारी को छापेमारी जारी है।
9.11 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: एडीजी (विधि व्यवस्था) केएस अनुपम ने बताया कि पीड़ित छात्रा की पहचान उजागर करने वाले वीडियो को सोशल मीडिया से हटाया जा रहा है। फेसबुक पर 13, इंस्टाग्राम पर 12 और एक्स पर सात अकाउंट से ऐसे वीडियो हटाये जा चुके हैं। ऐसे सभी वीडियो को हटाने के लिए संबंधित प्लेटफॉर्म को नोटिस दिया गया। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट या शेयर न करें। ऐसा करना दंडनीय अपराध है।
9.05 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: राष्ट्रीय महिला आयोग ने कार्रवाई के निर्देश दिए
राष्ट्रीय महिला आयोग ने जमुई की घटना का सोमवार को स्वतः संज्ञान लिया। अध्यक्ष विजया राहतकर ने राज्य की डीजीपी को पत्र लिखकर प्राथमिकी दर्ज करने, सभी आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। आयोग ने ‘एक्स’ पर कहा, पीड़ितों को सुरक्षा, कानूनी सहायता और मनोवैज्ञानिक परामर्श उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही वीडियो को आगे साझा किए जाने से रोकने के लिए जरूरी कानूनी कार्रवाई का भी निर्देश दिया है।
8.57 AM - Jamui Viral Video Case LIVE: एडीजी ने बताया कि पीड़िता स्कूल में पढ़ती है। वह 19 सितंबर की शाम 06:25 बजे मित्र के साथ घूमने के लिए स्कूटी से निकली थी। शाम 06:45 बजे मड़वा-प्रतापपुर के पहाड़ी के पास फोटो खिंचवा रही थी। तभी सात-आठ लड़कों ने पीड़िता को अभद्र बात बोलते हुए छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता ने 20 सितंबर की रात परिजन को घटना की जानकारी दी। रविवार को पीड़िता के पिता ने थाने में लिखित आवेदन दिया।

