जेल में बंद राजपाल यादव को बिहार से मिलेंगे 11 लाख रुपये, तेज प्रताप ने कर दी मदद
जेजेडी अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने एक्टर राजपाल यादव को 11 लाख रुपये की मदद देने का ऐलान किया है। चेक बाउंस मामले में राजपाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद मशहूर अभिनेता राजपाल यादव को बिहार से मदद का ऑफर आया है। जनशक्ति जनता दल (JJD) के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने राजपाल के लिए दिल खोला है। उन्होंने संकट में फंसे एक्टर को अपनी पार्टी जेजेडी की ओर से 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। तेज प्रताप ने राजपाल से कहा कि कठिन समय में वह और उनकी पार्टी उनके पूरे परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
बिहार के पूर्व मंत्री एवं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी। जेजेडी चीफ ने कहा कि उन्हें राजपाल यादव के परिवार की पीड़ा के बारे में अभी जानकारी मिली है। मानवीय करुणा और सहयोग की भावना से वह जेजेडी की ओर से उनके परिवार को 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दे रहे हैं।
चेक बाउंस मामले में जेल में बंद राजपाल
अक्सर फिल्मों में दर्शकों को अपने किरदारों से हंसाने वाले राजपाल यादव वर्तमान में आर्थिक तंगी और करियर संबंधी चुनौतियों से गुजर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, 2010 में उन्होंने एक फिल्म बनाने के लिए कर्ज लिया था। हालांकि, वह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पिट गई थी। राजपाल यादव उस कर्ज को पूरी तरह चुकाने में असफल रहे। कर्जदाता को दिए उनके दिए गए चेक बाउंस हो गए, तो उनके खिलाफ कोर्ट में केस चला।
2018 में राजपाल यादव और उनकी पत्नी को मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 6 महीने की सजा सुनाई थी। उन्होंने ऊपरी अदालत में इस फैसले को चुनौती दी और राहत की मांग की। राजपाल ने अदालत से पैसा चुकाने के लिए समय मांगा था। उन्होंने कुछ रकम चुकाई लेकिन पूरा कर्ज चुकाने में सफल नहीं हो पाए। उनकी बकाया रकम 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
भुगतान में बार-बार देरी और कोर्ट की डेडलाइन को पूरा न कर पाने की वजह से राजपाल यादव को सरेंडर का निर्देश दिया गया। इसके बाद राजपाल ने पिछले सप्ताह दिल्ली हाई कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया।
जेल में रो पड़े राजपाल
रिपोर्ट्स में कहा गया कि सरेंडर करने के बाद तिहाड़ जेल के अधिकारियों के सामने राजपाल यादव रो पड़े थे। उन्होंने कहा कि बुरे वक्त में उनके साथ कोई नहीं है। वह अकेले ही इस संकट से जूझ रहे हैं और उससे बाहर निकलने की कोशिश कर रहे हैं। राजपाल का यह भावनात्मक बयान अब चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके लिए अलग-अलग जगहों से मदद का हाथ बढ़ाया जा रहा है।
लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें

